UP News: यूपी में जल्द मंत्रिमंडल विस्तार की तैयारी, संगठन में भी होंगे बड़े बदलाव

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी पश्चिम बंगाल में चुनावी सफलता के बाद अब उत्तर प्रदेश पर पूरा फोकस कर रही है। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए पार्टी प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार और संगठनात्मक बदलाव की तैयारी में जुट गई है। सूत्रों के मुताबिक 10 से 15 मई के बीच इन अहम फैसलों को अंतिम रूप दिया जा सकता है।

जानकारी के अनुसार पहले मंत्रिमंडल विस्तार होगा, इसके बाद संगठन में नए पदाधिकारियों की घोषणा की जाएगी। इसको लेकर लखनऊ और दिल्ली में लगातार बैठकों का दौर जारी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के बीच कई चरणों में चर्चा हो चुकी है।

यह भी पढ़े - लखनऊ : महिला आरक्षण पर सीएम योगी का विपक्ष पर हमला, सपा-कांग्रेस को बताया ‘महिला विरोधी’

सूत्र बताते हैं कि मंत्रिमंडल विस्तार के दौरान खाली पदों को भरने के साथ कुछ मंत्रियों के विभागों में फेरबदल भी संभव है। जिन मंत्रियों का प्रदर्शन अपेक्षा के अनुरूप नहीं रहा, उन्हें हटाकर नए और युवा चेहरों को मौका दिया जा सकता है। करीब एक दर्जन नामों पर मंथन चल रहा है, हालांकि अंतिम निर्णय अभी बाकी है।

पार्टी इस विस्तार में सामाजिक और जातीय संतुलन पर विशेष ध्यान दे रही है। पिछड़ा वर्ग (OBC) और दलित समाज को प्राथमिकता दिए जाने की संभावना है, वहीं ब्राह्मण और क्षत्रिय वर्ग से भी प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने की योजना है।

इसके अलावा सहयोगी दलों को भी मंत्रिमंडल में शामिल करने की तैयारी है। अपना दल, सुभासपा और निषाद पार्टी के एक-एक विधायक को मंत्री बनाए जाने की चर्चा है, जिनके नाम संबंधित दलों का नेतृत्व तय करेगा।

महिलाओं को भी इस बार विशेष महत्व दिए जाने की संभावना है। खासकर दलित और पिछड़े वर्ग की महिला विधायकों को प्राथमिकता मिल सकती है। कुछ राज्य मंत्रियों को पदोन्नति देने और विभागों में बदलाव पर भी विचार चल रहा है।

बताया जा रहा है कि अप्रैल महीने में इस विषय पर कई दौर की बैठकें हुईं। पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े भी लखनऊ आकर वरिष्ठ नेताओं और पूर्व प्रदेश अध्यक्षों से फीडबैक ले चुके हैं।

फिलहाल पार्टी नेतृत्व सभी पहलुओं पर मंथन कर अंतिम निर्णय लेने की तैयारी में है। माना जा रहा है कि जल्द ही उत्तर प्रदेश की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.