Bahraich News: सड़क हादसों में किसान समेत तीन की मौत, छह घायल

बहराइच। जिले में लगातार हो रहे सड़क हादसों में तीन लोगों की जान चली गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। इनमें एक मामला बाइक सवार पुलिसकर्मियों की टक्कर का भी है।

साइकिल सवार किसान की मौत

रूपईडीहा थाना क्षेत्र के दुविधापुर गांव निवासी बनवारी लाल राजपूत (58) शुक्रवार को सोरहिया मोड़ के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए। गंभीर रूप से घायल हालत में राहगीरों ने उन्हें ई-रिक्शा से अस्पताल भेजा, लेकिन चालक ने रास्ते में ही घायल को छोड़ दिया।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें चरदा सीएचसी लेकर गई, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

परिजनों के मुताबिक, बनवारी लाल दवा लेने जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। वह खेतीबाड़ी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके दो बेटे और एक बेटी हैं।

बाइक सवार राजगीर मिस्त्री की मौत

नानपारा कोतवाली क्षेत्र के बढ़ईकलां गांव निवासी पन्नेलाल (36) की गुरुवार रात नानपारा बाईपास के पास अज्ञात वाहन से टक्कर हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल पन्नेलाल को परिजन अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

मृतक की पत्नी ऊषा के मुताबिक, पन्नेलाल मिहींपुरवा में रिश्तेदारी के मकान का निर्माण कार्य करके लौट रहे थे। वह राजगीर मिस्त्री का काम करके परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके एक बेटा और एक बेटी हैं। परिजनों के अनुसार, हादसे के समय उन्होंने हेलमेट पहना था।

शादी समारोह में जा रहे युवक की मौत

खैरीघाट थाना क्षेत्र के इमामगंज-शिवपुर मार्ग पर गुरुवार को अज्ञात वाहन ने बाइक सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में हरदी थाना क्षेत्र के मंगलपुरवा निवासी राजू (45) की मौत हो गई, जबकि गिरदा निवासी मनोज (25) और बौंडी निवासी प्रदीप (22) घायल हो गए।

मृतक के रिश्तेदार शत्रोहन ने बताया कि तीनों लोग शादी समारोह में शामिल होने खैरीघाट जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, राजू ने हेलमेट पहना था।

पुलिसकर्मियों की बाइक टक्कर में छह घायल

पयागपुर थाने में तैनात बाइक पीआरवी सिपाही रोहित कुमार (35) और होमगार्ड भवानी प्रसाद (41) शुक्रवार को पयागपुर-इकौना मार्ग पर दूसरी बाइक से टकरा गए।

हादसे में पीआरवी बाइक सवार दो पुलिसकर्मी और दूसरी बाइक पर सवार चार लोग घायल हो गए।

पयागपुर थानाध्यक्ष करुणाकर पांडेय ने बताया कि पीआरवी टीम झगड़े की सूचना पर मौके पर जा रही थी, तभी यह हादसा हुआ। टक्कर मारने वाले बाइक चालक पर केस दर्ज कर लिया गया है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.