Bahraich News: प्रेमी की बेवफाई से आहत युवती ने एसपी कार्यालय के सामने पिया रासायनिक पदार्थ

बहराइच: जिले में प्रेमी की बेवफाई से आहत होकर एक युवती ने एसपी कार्यालय के सामने एम्पुल तोड़कर रासायनिक पदार्थ पी लिया। इससे उसकी हालत बिगड़ गई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत युवती को जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया, जहां उसकी स्थिति अब खतरे से बाहर है। युवती ने प्रेमी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

लिखित शिकायत में युवती ने बताई आपबीती

प्रभारी निरीक्षक आरके सिंह के अनुसार, रूपईडीहा थाना क्षेत्र के रंजीत बोझा गांव की रहने वाली मनीषा वर्मा ने जियां गांव निवासी प्रेमी जितेंद्र वर्मा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। मनीषा ने बताया कि जितेंद्र बेंगलुरु की एक फार्मा कंपनी में मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (एमआर) के पद पर कार्यरत है। उसका आरोप है कि जितेंद्र ने मंदिर में उससे शादी की और दो महीने तक उसे अपने साथ रखा। इसके बाद वह उसे गांव ले आया।

युवती ने आगे बताया कि जब उसने अपने परिजनों से अनुमति लेकर दोबारा शादी की इच्छा जताई, तो जितेंद्र ने शादी से इंकार कर दिया। युवती ने इस धोखे की शिकायत रूपईडीहा थाने में की, लेकिन पुलिस ने दोनों को परिवार परामर्श केंद्र भेज दिया।

काउंसलिंग के दौरान प्रेमी ने ठुकराया, युवती ने उठाया कदम

बुधवार को काउंसलिंग के दौरान जब जितेंद्र ने युवती को अपनाने से साफ इनकार कर दिया, तो आहत होकर मनीषा ने एसपी कार्यालय के सामने एम्पुल तोड़कर रासायनिक तरल पदार्थ पी लिया।

पुलिस जांच में जुटी

प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि युवती का इलाज जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में चल रहा है और उसके बयान दर्ज कर लिए गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.