Bahraich News: कहासुनी के दौरान युवक ने दोस्त पर चाकू से किया हमला, हालत गंभीर

बहराइच: शहर के अकबरपुरा मोहल्ले में आपसी कहासुनी के दौरान एक युवक ने अपने दोस्त पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

क्या है पूरा मामला

कोतवाली नगर क्षेत्र के अकबरपुरा मोहल्ला निवासी फैसल अंसारी (18) और उसके दोस्त मुलायम (पुत्र मेराज) गुरुवार रात आपस में बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। बहस के बीच मुलायम ने फैसल को चाकू मारने की धमकी दी, जिस पर फैसल ने उसे चैलेंज करते हुए चाकू मारकर दिखाने के लिए कहा।

गंभीर रूप से घायल हुआ युवक

इस पर गुस्साए मुलायम ने चाकू निकालकर फैसल के पेट और कमर के बीच हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से फैसल लहूलुहान होकर गिर पड़ा। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे परिजनों और मोहल्ले के लोगों ने घायल को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

क्या कह रही पुलिस

इस घटना पर कोतवाल आरके सिंह ने बताया कि दोनों युवक अच्छे दोस्त थे और एक साथ पढ़ाई भी करते थे। कहासुनी के दौरान ही चाकू से हमला कर दिया गया। पुलिस को अभी इस मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है, लेकिन तहरीर मिलते ही केस दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.