- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- आजमगढ़
- आजमगढ़: विवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने लगाया दहेज हत्या का आरोप
आजमगढ़: विवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने लगाया दहेज हत्या का आरोप
आजमगढ़। अतरौलिया थाना क्षेत्र के लोहरा गांव में 26 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मायके पक्ष में कोहराम मच गया। परिजनों ने दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाते हुए डायल 112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मृतका के पिता संतोष सिंह का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष दहेज में पांच लाख रुपये की मांग करने लगा था। मांग पूरी न होने पर अंकिता को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। इस संबंध में कई बार पारिवारिक स्तर पर सुलह-समझौते की कोशिश भी की गई, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ।
परिजनों के अनुसार, घटना से कुछ समय पहले अंकिता ने फोन कर दहेज प्रताड़ना की जानकारी दी थी। इसके बाद उसके ससुर दानबहादुर ने फोन कर अचानक उसकी मौत की सूचना दी। जब मायके पक्ष मौके पर पहुंचा तो अंकिता का शव संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला और उसका चेहरा काला पड़ा हुआ था, जिससे परिजनों का संदेह और गहरा गया।
घटना की सूचना पर अतरौलिया पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष देवेंद्र नाथ दूबे ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
