रांची: खादगढ़ा बस स्टैंड में भीषण आग, छह बसें जलकर राख; साजिश की आशंका

रांची। खादगढ़ा बस स्टैंड में रविवार को अचानक भीषण आग लग गई, जिससे छह बसें पूरी तरह जलकर राख हो गईं। आग सबसे पहले एक बस में लगी और देखते ही देखते पास में खड़ी अन्य बसों तक फैल गई। घटना के बाद बस स्टैंड में अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्थानीय लोग और बस मालिक कुछ समझ पाते, उससे पहले ही आग ने एक के बाद एक कई बसों को अपनी चपेट में ले लिया। एक साथ छह बसों में आग लगने से चालक और खलासी अपनी बसों को बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। किसी तरह आग की चपेट में आने वाली बसों के पास खड़ी अन्य बसों को हटाया गया।

घटना को लेकर बस मालिकों और एजेंटों ने साजिश की आशंका जताई है। बस एजेंट मोहम्मद सरफराज ने बताया कि इस घटना में बस मालिकों को भारी नुकसान हुआ है और आशंका है कि किसी ने जानबूझकर बसों में आग लगाई है।

सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जिन छह बसों में आग लगी, उनमें से कोई भी एसी बस नहीं थी। आमतौर पर एसी बसों में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की घटनाएं सामने आती रही हैं, लेकिन इस मामले में नॉन-एसी बसों में आग लगने से संदेह और गहरा गया है।

सूचना मिलने पर दमकल विभाग की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक सभी छह बसें पूरी तरह जल चुकी थीं।

इस संबंध में लोअर बाजार थाना प्रभारी रणविजय शर्मा ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। बस स्टैंड में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि फुटेज में किसी व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.