- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- देवरिया
- देवरिया: फंदे से लटकता मिला नवविवाहिता का शव, पिता ने लगाया गला दबाकर हत्या का आरोप; पति और ससुर गिर...
देवरिया: फंदे से लटकता मिला नवविवाहिता का शव, पिता ने लगाया गला दबाकर हत्या का आरोप; पति और ससुर गिरफ्तार
देवरिया। भलुअनी थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने दहेज उत्पीड़न और हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतका के पिता धनेश गोड ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष दहेज को लेकर उनकी बेटी को प्रताड़ित करता था और उसके साथ मारपीट की जाती थी। उन्होंने बताया कि शनिवार की रात ससुराल वालों ने रिंकी की गला दबाकर हत्या कर दी और साक्ष्य छिपाने के लिए शव को फंदे से लटका दिया।
पीड़ित पिता की तहरीर पर पुलिस ने मृतका के पति शशिकपूर गोड, ससुर राम अयोध्या गोड, भसुर रिशिकपूर गोड और जेठानी विन्दा देवी के खिलाफ बीएनएस की धारा 85, 80(2) तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/4 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। ये धाराएं पूर्व की आईपीसी की धारा 498ए और 304बी के समतुल्य हैं।
पुलिस ने इस मामले में पति शशिकपूर गोड और ससुर राम अयोध्या गोड को गिरफ्तार कर लिया है। थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार पांडेय ने बताया कि दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया है और अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष में कोहराम मचा हुआ है।
