- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- लखनऊ
- विकसित भारत के संकल्प को साकार करने वाला जनोन्मुखी बजट: पंकज चौधरी
विकसित भारत के संकल्प को साकार करने वाला जनोन्मुखी बजट: पंकज चौधरी
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2026-27 को ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने वाला जनोन्मुखी बजट बताया है। उन्होंने बजट के लिए प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री का अभिनंदन एवं आभार व्यक्त किया।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि आम बजट 2026-27 पंडित दीनदयाल उपाध्याय के ‘अंत्योदय’ दर्शन को आगे बढ़ाते हुए गरीब, मध्यम वर्ग, महिलाओं, युवाओं और वंचित वर्ग के सशक्तीकरण को प्राथमिकता देता है। उन्होंने दिल्ली–वाराणसी और वाराणसी–सिलीगुड़ी सहित सात हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर की घोषणा को आधुनिक अवसंरचना और मजबूत कनेक्टिविटी का प्रतीक बताया।
उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ को मजबूती मिलेगी। इसके अलावा पटना और वाराणसी में जहाज मरम्मत सुविधाओं तथा पांच औद्योगिक क्षेत्रों में कार्बन कैप्चर के लिए 20 हजार करोड़ रुपये के प्रस्ताव को भी उन्होंने महत्वपूर्ण बताया।
पंकज चौधरी ने कहा कि कृषि, मत्स्य पालन और पशुपालन को सशक्त बनाने से जुड़े प्रावधान ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देंगे। उन्होंने आयुष क्षेत्र में तीन नए अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थानों की स्थापना, फार्मेसी और औषधि परीक्षण प्रयोगशालाओं के उन्नयन तथा जामनगर स्थित डब्ल्यूएचओ के वैश्विक पारंपरिक चिकित्सा केंद्र को मजबूत किए जाने की घोषणा का भी उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि बायोफार्मा शक्ति योजना, इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन 2.0 और इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट विनिर्माण योजना के तहत बढ़ाया गया परिव्यय ‘आत्मनिर्भर भारत’ को नई ऊर्जा देगा। चौधरी ने कहा कि यह बजट केवल खर्च का दस्तावेज नहीं, बल्कि निवेश, रोजगार सृजन और सतत विकास की सोच को दर्शाता है, जो प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश को सशक्त और समृद्ध बनाने में अहम भूमिका निभाएगा।
