- Hindi News
- भारत
- संसद में वंदे मातरम् पर चर्चा : अनुराग ठाकुर बोले, हमें वंदे मातरम् से ‘एनर्जी’ मिलती है, जबकि कांग्...
संसद में वंदे मातरम् पर चर्चा : अनुराग ठाकुर बोले, हमें वंदे मातरम् से ‘एनर्जी’ मिलती है, जबकि कांग्रेस को इससे ‘एलर्जी’ होती है
नई दिल्ली। भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने सोमवार को कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि वंदे मातरम से ‘‘हमें एनर्जी’’ मिलती है, वहीं विपक्षी दल को इससे ‘‘एलर्जी’’ होती है। लोकसभा में, ‘‘राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर चर्चा’’ में भाग लेते हुए ठाकुर ने कहा, ‘‘कांग्रेस ने वंदे मातरम् के शताब्दी वर्ष पर आपातकाल लगाकर देश को अंधेरे में पहुंचाया। यह काम उस समय की प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने किया और आज स्वयं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वंदे मातरम् के इतिहास और सांस्कृतिक महत्व को देश के सामने रखा।’’
ठाकुर ने सदन में प्रियंका गांधी वाद्रा के भाषण से पहले उन पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘अभी गलियारों में चर्चा थी कि पिछले पांच दिन से प्रियंका जी तैयारी कर रही हैं और पूरा वंदे मातरम् बिना पढ़े सुनाएंगी। उन्होंने इतने महापाप किए हैं कि उनके प्रायश्चित का समय आ गया है।’’
भाजपा सांसद ने दावा किया कि नेहरू के कहने पर वंदे मातरम् के जो हिस्से काटे गए थे, उनमें देवी दुर्गा की स्तुति थी, शक्ति की अराधना थी। उन्होंने कहा, ‘‘वंदे मातरम् से हमें एनर्जी मिलती है, कुछ लोगों को (कांग्रेस को) इससे एलर्जी होती है।’’ ठाकुर ने पूछा कि कांग्रेस आखिर इसका इतना विरोध क्यों कर रही है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस की तरह समाजवादी पार्टी के कुछ जनप्रतिनिधियों ने भी राष्ट्रीय गीत का अपमान किया।
