- Hindi News
- मनोरंजन
- बॉक्स ऑफिस से हर घर तक पहुंची ‘लालो’, 17 मई को सोनी मैक्स पर होगा टीवी प्रीमियर
बॉक्स ऑफिस से हर घर तक पहुंची ‘लालो’, 17 मई को सोनी मैक्स पर होगा टीवी प्रीमियर
मुंबई, मई 2026: भारत के लोकप्रिय हिंदी मूवी चैनल सोनी मैक्स ने गुजराती ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘लालो कृष्ण सदा सहायते’ के वर्ल्ड टेलीविजन प्रीमियर की घोषणा कर दी है। दुनियाभर में 100 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर रिकॉर्ड बनाने वाली यह चर्चित फिल्म अब 17 मई को दोपहर 1 बजे सोनी मैक्स पर प्रसारित की जाएगी।
अब यह फिल्म टेलीविजन के माध्यम से हिंदी भाषी दर्शकों तक भी अपनी मजबूत पहुंच बनाने जा रही है। सोनी मैक्स इससे पहले ‘कांतारा’ और ‘महावतार नरसिम्हा’ जैसी चर्चित फिल्मों का प्रसारण कर चुका है और अब ‘लालो’ के जरिए एक और आस्था और भावनाओं से जुड़ी कहानी दर्शकों के सामने पेश करेगा।
फिल्म को हिंदी के साथ-साथ गुजराती भाषा में भी प्रसारित किया जाएगा, ताकि दर्शक इसकी मौलिकता और भावनात्मक गहराई को बेहतर तरीके से महसूस कर सकें।
भगवान श्रीकृष्ण के मार्गदर्शन की भावनात्मक कहानी
फिल्म की कहानी लालजी धनसुख परमार नामक एक साधारण रिक्शा चालक के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक फार्महाउस में फंस जाता है और अपने अतीत से जुड़ी चुनौतियों का सामना करता है। इस दौरान भगवान श्रीकृष्ण उसका मार्गदर्शन करते हैं और उसकी जिंदगी बदलने में अहम भूमिका निभाते हैं।
फिल्म में करण जोशी ने लालजी का किरदार निभाया है, जबकि रीवा राछ, श्रुहद गोस्वामी और मिश्टी कडेचा भी अहम भूमिकाओं में नजर आते हैं। भगवान श्रीकृष्ण की भूमिका में श्रुहद गोस्वामी के अभिनय को दर्शकों ने काफी पसंद किया। फिल्म का निर्देशन अंकित साखिया ने किया है।
सोनी hai मैक्स ने जताया गर्व
सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया के मूवीज़ क्लस्टर के चीफ कंटेंट ऑफिसर अजय भालवंकर ने कहा कि ‘लालो’ सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि एक सांस्कृतिक पहचान बन चुकी है। उन्होंने कहा कि सोनी मैक्स का उद्देश्य ऐसी कहानियों को दर्शकों तक पहुंचाना है, जो दिल से जुड़ाव पैदा करें और ‘लालो’ इस सोच पर पूरी तरह खरी उतरती है।
वहीं, भगवान श्रीकृष्ण की भूमिका निभाने वाले श्रुहद गोस्वामी ने कहा कि यह किरदार उनके लिए बेहद खास अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि फिल्म की सफलता यह दर्शाती है कि दर्शक इसकी भावना से कितनी गहराई से जुड़े हैं और अब टीवी के जरिए यह कहानी और अधिक लोगों तक पहुंचेगी।
तो तैयार हो जाइए, भावनाओं, भक्ति और प्रेरणा से भरपूर फिल्म ‘लालो’ का आनंद लेने के लिए, 17 मई को दोपहर 1 बजे सिर्फ सोनी मैक्स पर।
