- Hindi News
- मनोरंजन
- “आंखों पर पट्टी बांधकर अभिनय करना सबसे बड़ी चुनौती थी” : विवाना सिंह
“आंखों पर पट्टी बांधकर अभिनय करना सबसे बड़ी चुनौती थी” : विवाना सिंह
मुंबई, मई 2026 : सोनी सब का आगामी पौराणिक शो हस्तिनापुर के वीर महाभारत की दुनिया को एक नए अंदाज में दर्शकों के सामने पेश करने जा रहा है। यह शो पांडवों और कौरवों के शुरुआती जीवन, उनके रिश्तों, भावनाओं और उन फैसलों की कहानी दिखाएगा, जिन्होंने हस्तिनापुर के भविष्य को आकार दिया। शो का प्रीमियर 2 जून से रात 9 बजे सोनी सब पर होगा।
अपने अनुभव को साझा करते हुए विवाना सिंह ने कहा, “गांधारी का किरदार निभाना मेरे लिए बेहद गहरा और जीवन बदल देने वाला अनुभव रहा है। सबसे बड़ी चुनौती लंबे समय तक आंखों पर पट्टी बांधकर अभिनय करना है, क्योंकि हम अभिनेता स्वाभाविक रूप से आंखों के संपर्क और विजुअल रिएक्शन पर बहुत निर्भर रहते हैं। गांधारी के किरदार के लिए मुझे इस आदत को पूरी तरह छोड़ना पड़ा।”
उन्होंने आगे बताया, “मैंने यह समझने में काफी समय लगाया कि बिना दृष्टि वाला व्यक्ति अपने आसपास की दुनिया, भावनाओं और रिश्तों को कैसे महसूस करता है। तैयारी के दौरान मैंने आंखों पर पट्टी बांधकर चलने, प्रतिक्रिया देने और सीन करने की लगातार प्रैक्टिस की, ताकि स्क्रीन पर सब कुछ स्वाभाविक लगे। धीरे-धीरे मैंने आवाज़ के उतार-चढ़ाव, ठहराव और बॉडी लैंग्वेज के जरिए भावनाओं को व्यक्त करना सीखा। गांधारी अपने भीतर बहुत गहरा भावनात्मक भार रखती हैं और उस शक्ति को पर्दे पर उतारना मेरे लिए चुनौतीपूर्ण होने के साथ-साथ बेहद संतोषजनक भी रहा।”
हस्तिनापुर के वीर 2 जून से हर सोमवार से शनिवार रात 9 बजे केवल सोनी सब पर प्रसारित होगा।
