- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बांदा
- शादी के 13 दिन बाद नवविवाहिता का शव प्रेमी संग पेड़ से लटका मिला, गांव में सनसनी
शादी के 13 दिन बाद नवविवाहिता का शव प्रेमी संग पेड़ से लटका मिला, गांव में सनसनी
बांदा : उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के मर्का थाना क्षेत्र स्थित अधाव गांव में बुधवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। गांव के बाहर एक पेड़ से युवक और नवविवाहिता के शव फांसी के फंदे पर लटकते मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद गांव में शोक और सन्नाटे का माहौल है, जबकि दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।
बुधवार सुबह जब गांव के कुछ लोग खेतों की ओर गए तो गांव के बाहर एक पेड़ से युवक और युवती के शव लटके देख उनके होश उड़ गए। सूचना फैलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवती का गांव के ही एक युवक से पहले से प्रेम संबंध था। पुलिस आशंका जता रही है कि मनपसंद शादी न होने और सामाजिक दबाव के चलते दोनों ने आत्मघाती कदम उठाया हो। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही मर्का थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मोबाइल कॉल डिटेल समेत अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
