Bihar Teacher News: 8वीं की छात्रा के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा गया शिक्षक, ग्रामीणों ने पीटा, विभाग ने किया निलंबित

भागलपुर। बिहार के भागलपुर जिले से शिक्षा जगत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। गोराडीह के मध्य विद्यालय करहरिया में आठवीं कक्षा की छात्रा के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पकड़े गए शिक्षक तरुण कुमार तांती को निलंबित कर दिया गया है। विभाग ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबन अवधि में बिहपुर प्रखंड विकास पदाधिकारी के कार्यालय में हाजिरी दर्ज कराने का निर्देश दिया है।

ग्रामीणों ने शिक्षक की जमकर पिटाई, पुलिस को सौंपा

घटना के दौरान ग्रामीणों ने आरोपी शिक्षक को रंगे हाथों पकड़कर जमकर पीटा और फिर गोराडीह थाना पुलिस को सूचना देकर उसे सौंप दिया। शिक्षक का आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिससे लोगों में आक्रोश और बढ़ गया। हर तरफ शिक्षक के इस कृत्य की कड़ी निंदा हो रही है।

डीईओ ने किया तत्काल निलंबन, विभागीय कार्रवाई जारी

भागलपुर के डीपीओ स्थापना देवनारायण पंडित ने मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए शिक्षक को निलंबित कर दिया। बीईओ (ब्लॉक एजुकेशन ऑफिसर) की रिपोर्ट के आधार पर डीईओ ने पत्र जारी कर बताया कि शिक्षक ने छात्रा के प्रति नकारात्मक सोच के साथ गलत व्यवहार किया था। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए शिक्षक को विभागीय कार्रवाई के अधीन कर दिया गया है।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल, कड़ा एक्शन जारी

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे मामला और तूल पकड़ रहा है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि आरोपी शिक्षक के खिलाफ आरोप पत्र जल्द जारी किया जाएगा।

क्या होगा निलंबन अवधि में

निलंबन अवधि के दौरान शिक्षक तरुण कुमार तांती को बिहपुर प्रखंड विकास पदाधिकारी कार्यालय में हाजिरी दर्ज करानी होगी।

उनके खिलाफ आगे की विभागीय कार्रवाई जारी रहेगी।

डीईओ ने साफ किया है कि अनुशासनहीनता और गलत आचरण के मामले में कोई ढील नहीं दी जाएगी।

शिक्षा विभाग ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच जारी रखने की बात कही है। आरोपी शिक्षक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी हो सकती है। विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि छात्रों की सुरक्षा और शिक्षकों की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

खबरें और भी हैं

Latest News

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.