Varanasi News: वर्दी का सपना टूट गया, पुलिस भर्ती परीक्षा देने जा रही बेटी और पिता की सड़क हादसे में मौत

वाराणसी। पुलिस की वर्दी पहनने का सपना लेकर परीक्षा देने जा रही एक युवती की जिंदगी रास्ते में ही खत्म हो गई। वाराणसी-जौनपुर हाईवे पर मंगलवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में युवती और उसके पिता की मौत हो गई, जबकि बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

फूलपुर थाना क्षेत्र के नागापुर गांव के सामने सुबह करीब छह बजे एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि बाइक पर सवार पिता और पुत्री ट्रक के पहिये के नीचे आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन समेत फरार हो गया।

यह भी पढ़े - वाराणसी में दर्दनाक हादसा: कान में ईयरफोन लगाकर रेलवे ट्रैक पर टहल रहा था युवक, ट्रेन की चपेट में आने से मौत

पुलिस के अनुसार, रामनगर के कोदूपुर निवासी पृथ्वीनाथ सोनकर (64) अपनी 20 वर्षीय पुत्री आंचल सोनकर को उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा दिलाने जौनपुर जा रहे थे। बाइक कटेसर, मुगलसराय निवासी दिनेश सोनकर चला रहा था।

जैसे ही बाइक पिंडरा बाइपास के पास पहुंची, पीछे से आ रहे ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में पृथ्वीनाथ और आंचल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दिनेश गंभीर रूप से घायल हो गया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पिंडरा ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। बेटी और पिता की एक साथ मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर उसकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

खबरें और भी हैं

Latest News

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.