- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- Ballia News : बलिया में बिजली विभाग की समीक्षा बैठक, लापरवाही पर अवर अभियंता निलंबित
Ballia News : बलिया में बिजली विभाग की समीक्षा बैठक, लापरवाही पर अवर अभियंता निलंबित
बलिया। आजमगढ़ क्षेत्र के मुख्य अभियंता ने मंगलवार को कृषि भवन, बलिया में विद्युत विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक की। बैठक में विद्युत आपूर्ति, राजस्व वसूली, जन शिकायतों, वीआईपी प्रकरणों, बिजनेस प्लान तथा सांसद एवं विधायक निधि से संबंधित कार्यों की समीक्षा की गई।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि उपभोक्ताओं के फोन कॉल का जवाब प्राथमिकता के आधार पर दिया जाए तथा निर्धारित शेड्यूल के अनुसार निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही खराब और क्षतिग्रस्त विद्युत परिवर्तकों को निर्धारित समय सीमा के भीतर बदलने के निर्देश भी दिए गए।
समीक्षा के दौरान शिकायतों के निस्तारण और ट्रांसफार्मर बदलने के कार्य में लापरवाही पाए जाने पर कई अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। उपखंड अधिकारी सिकंदरपुर को आरोप पत्र जारी किया गया, जबकि अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड बांसडीह को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
इसके अतिरिक्त अवर अभियंता सिकंदरपुर (ग्रामीण) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। संबंधित कार्यकारी सहायक के खिलाफ भी आरोप पत्र जारी किया गया है।
मुख्य अभियंता ने स्पष्ट चेतावनी दी कि विद्युत उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें तथा विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाए रखें।
