- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- लखनऊ
- Lucknow News : लखनऊ में किसान का शव आम के पेड़ से लटका मिला, परिजनों ने हत्या की जताई आशंका
Lucknow News : लखनऊ में किसान का शव आम के पेड़ से लटका मिला, परिजनों ने हत्या की जताई आशंका
बख्शी का तालाब/लखनऊ। राजधानी लखनऊ के बख्शी का तालाब थाना क्षेत्र के बीकामऊ खुर्द गांव में बुधवार सुबह एक किसान का शव आम के पेड़ से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, परिजनों ने हत्या कर शव को फंदे से लटकाए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस आत्महत्या और हत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पुलिस और ग्रामीणों की मदद से शव को नीचे उतारा गया। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। परिवार में कोहराम मच गया।
परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
मृतक के पिता नरेंद्र बहादुर सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि मंगलवार रात जमीनी विवाद को लेकर उनके पुत्र कुलदीप सिंह के साथ उनके बहनोई के पुत्र राजकिशोर, रामेंद्र और लक्कू ने मारपीट की थी। उनका आरोप है कि मारपीट के बाद कुलदीप की हत्या कर दी गई और घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को पेड़ से लटका दिया गया।
परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा खुलासा
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया शव फंदे से लटका मिला है, लेकिन परिजनों द्वारा हत्या की आशंका जताए जाने के बाद सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
कुलदीप सिंह अपने पीछे पत्नी, दो बेटियों और एक बेटे को छोड़ गए हैं। उनकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीणों के अनुसार कुलदीप परिवार के मुख्य सहारा थे। उनकी असमय मृत्यु से परिवार के सामने भावनात्मक और आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
