बाराबंकी में संविदा बिजली कर्मी की संदिग्ध मौत, हत्या के आरोप से तनाव

बाराबंकी। देवा क्षेत्र के माती थाना इलाके में एक संविदा बिजली कर्मी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। मृतक के परिजनों ने ग्राम प्रधान प्रतिनिधि समेत कई लोगों पर पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना से नाराज ग्रामीणों ने खेवली चौराहे पर प्रदर्शन कर देवा-कुर्सी मार्ग जाम करने का प्रयास किया, हालांकि पुलिस अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हो गया।

जानकारी के अनुसार चौबेपुर निवासी 20 वर्षीय दुर्गेश रावत बिजली विभाग में संविदा कर्मी के रूप में कार्यरत था। मंगलवार देर रात वह लाइन फाल्ट की सूचना मिलने पर मजदूर बुलाने के लिए निकला था। आरोप है कि मीरपुर माइनर की पटरी के पास चल रहे डीजे कार्यक्रम के दौरान रास्ता देने को लेकर विवाद हो गया।

यह भी पढ़े - Barabanki News : बाराबंकी में ट्रक-ट्रेलर की टक्कर के बाद लगी आग, दो लोगों की जिंदा जलकर मौत

परिजनों का आरोप है कि विवाद के बाद प्रधान प्रतिनिधि मान सिंह चौहान समेत कई लोगों ने दुर्गेश पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि घटना को हादसे का रूप देने की कोशिश की गई और घायल अवस्था में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवा पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। मृतक के भाई की तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने खेवली चौराहे पर प्रदर्शन करते हुए सड़क जाम करने का प्रयास किया। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हो गया।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.