Azamgarh News : पैतृक संपत्ति विवाद में बड़े भाई ने छोटे भाई की ली जान, आजमगढ़ में सनसनी

आजमगढ़। जिले के मेंहनाजपुर थाना क्षेत्र में पैतृक संपत्ति को लेकर दो सगे भाइयों के बीच चल रहा विवाद मंगलवार को खूनी संघर्ष में बदल गया। करसड़ा गांव में हुए इस घटनाक्रम में बड़े भाई के हमले से छोटे भाई की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, करसड़ा गांव निवासी जगदीश विश्वकर्मा (70) और उनके छोटे भाई ओमप्रकाश विश्वकर्मा के बीच लंबे समय से पैतृक संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। मंगलवार देर शाम इसी मुद्दे पर दोनों भाइयों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते-देखते मारपीट में बदल गई।

यह भी पढ़े - आजमगढ़ BSA कार्यालय में रिश्वतखोरी का भंडाफोड़, 10 हजार रुपये लेते बाबू गिरफ्तार

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद के दौरान दोनों भाई आपस में उलझ गए। इसी बीच जगदीश विश्वकर्मा ने पास में रखा बांस का डंडा उठाकर ओमप्रकाश विश्वकर्मा के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से ओमप्रकाश मौके पर ही गिर पड़े।

परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही मेंहनाजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही गवाहों के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। क्षेत्राधिकारी लालगंज भूपेश कुमार पांडेय ने बताया कि संपत्ति विवाद को लेकर दोनों भाइयों के बीच मारपीट हुई थी, जिसमें घायल ओमप्रकाश विश्वकर्मा की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई।

उन्होंने बताया कि आरोपी बड़े भाई जगदीश विश्वकर्मा को हिरासत में ले लिया गया है। परिजनों की तहरीर और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई की जा रही है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए गांव में पुलिस निगरानी भी बढ़ा दी गई है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं

Latest News

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.