- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- आजमगढ़
- आजमगढ़ BSA कार्यालय में रिश्वतखोरी का भंडाफोड़, 10 हजार रुपये लेते बाबू गिरफ्तार
आजमगढ़ BSA कार्यालय में रिश्वतखोरी का भंडाफोड़, 10 हजार रुपये लेते बाबू गिरफ्तार
आजमगढ़। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) कार्यालय में मान्यता दिलाने के नाम पर कथित रिश्वतखोरी के मामले का एंटी करप्शन टीम ने खुलासा किया है। टीम ने छापेमारी कर बीएसए कार्यालय के कनिष्ठ लिपिक आकाश यादव को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। वहीं कार्यालय में कार्यरत दूसरा लिपिक धर्मेंद्र कुमार राय उर्फ बबलू राय मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
पीड़ित ने मामले की शिकायत एंटी करप्शन यूनिट से की। शिकायत की जांच के बाद टीम ने योजना बनाकर रासायनिक पदार्थ लगे नोट शिकायतकर्ता को सौंपे। बुधवार को जैसे ही शिकायतकर्ता ने कार्यालय में 10 हजार रुपये दिए, पहले से मौजूद एंटी करप्शन टीम ने आकाश यादव को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
दूसरा आरोपी फरार
कार्रवाई के दौरान धर्मेंद्र कुमार राय उर्फ बबलू राय मौके से फरार हो गया। एंटी करप्शन टीम उसकी तलाश में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पहले भी विवादों में रहा है नाम
जानकारी के मुताबिक धर्मेंद्र कुमार राय उर्फ बबलू राय का नाम वर्ष 2022 में आयोजित शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) से जुड़े विवादों में भी सामने आया था। उस मामले में कई आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई थी। बाद में वह DIOS कार्यालय से बीएसए कार्यालय में संबद्ध किया गया था।
एंटी करप्शन टीम द्वारा गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि मान्यता के नाम पर रिश्वत लेने का यह मामला किसी बड़े नेटवर्क का हिस्सा तो नहीं है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
