- Hindi News
- मनोरंजन
- सोनी सब के नए मेडिकल ड्रामा ‘हुई गुम यादें’ में गुलकी जोशी की एंट्री, निभाएंगी अहम भूमिका
सोनी सब के नए मेडिकल ड्रामा ‘हुई गुम यादें’ में गुलकी जोशी की एंट्री, निभाएंगी अहम भूमिका
मुंबई: सोनी सब जल्द ही अपना नया मेडिकल ड्रामा ‘हुई गुम यादें– एक डॉक्टर, दो ज़िंदगियाँ’ दर्शकों के सामने लाने जा रहा है। यह शो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराही गई इटालियन सीरीज़ डीओसी का भारतीय रूपांतरण है, जिसे दुनिया के कई देशों में सफलतापूर्वक अपनाया गया है।
शो में अभिनेत्री गुलकी जोशी की महत्वपूर्ण एंट्री होने जा रही है। वे सृष्टि का किरदार निभाएंगी, जो देव मेहता की पूर्व पत्नी है। सृष्टि एक बुद्धिमान, मज़बूत और भावनात्मक रूप से गहरी महिला है, जो अपने पेशेवर और निजी जीवन के बीच संतुलन बनाए रखती है। डॉक्टर रह चुकी सृष्टि ने अपने बच्चों की परवरिश के लिए चिकित्सा प्रैक्टिस छोड़ दी थी और बाद में उसी अस्पताल की प्रशासनिक जिम्मेदारियां संभालीं, जहां देव कार्यरत था।
कहानी के अनुसार, सृष्टि मानती है कि उनके रिश्ते के टूटने की वजह देव के व्यक्तित्व में आए बदलाव और उनके छह वर्षीय बेटे ध्रुव की असमय मृत्यु थी। हालांकि, परिस्थितियां तब बदलती हैं जब देव अपनी याददाश्त खो देता है और सृष्टि को उसका वह संवेदनशील और समर्पित रूप फिर से देखने को मिलता है, जिससे वह वर्षों पहले जुड़ी थी।
अपने किरदार को लेकर गुलकी जोशी ने कहा कि ‘हुई गुम यादें’ की कहानी ने उन्हें भावनात्मक रूप से प्रभावित किया। उन्होंने बताया कि यह शो उन्हें वास्तविक, ईमानदार और जुड़ाव से भरा लगा, और यही कारण है कि वे इस प्रोजेक्ट से जुड़ने के लिए उत्साहित हैं।
‘हुई गुम यादें– एक डॉक्टर, दो ज़िंदगियाँ’ का प्रसारण जल्द ही सोनी सब पर किया जाएगा।
