बाराबंकी में दो सड़क हादसों में तीन युवकों की मौत, दो सगे भाइयों समेत परिवारों में कोहराम

निन्दूरा/बाराबंकी: जिले में बुधवार देर रात हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल है। घुंघटेर थाना क्षेत्र में हुए हादसे में दो सगे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जहांगीराबाद क्षेत्र में ऑटो की टक्कर से एक युवक की जान चली गई।

पहली घटना घुंघटेर थाना क्षेत्र की है। पुलिस के अनुसार, पीरनगर गांव निवासी अंकित यादव (24) और उनके छोटे भाई विकास यादव (20), पुत्र कमलेश यादव, अपने साथी विकास (23) पुत्र सुरेश निवासी चुलिहापुरवा के साथ कुर्सी औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक अलमारी फैक्ट्री में काम करते थे। बुधवार रात ड्यूटी समाप्त कर तीनों एक ही बाइक से घर लौट रहे थे।

यह भी पढ़े - बलिया में चार दिन बाद सरयू नदी से बरामद हुआ विवाहिता का शव, ससुर पहले ही जेल भेजा गया

देर रात करीब एक बजे निगोहां–बजगहनी मार्ग पर सामने से आ रही तेज रफ्तार डीसीएम ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद डीसीएम चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस को अंकित और उनके भाई विकास मृत अवस्था में मिले, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल मिला, जिसे अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही पीरनगर गांव में कोहराम मच गया। अंकित और विकास अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे। अंकित की शादी हो चुकी थी और तीन माह पहले ही वह पिता बना था, जबकि विकास अविवाहित था। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

दूसरी घटना जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के ग्राम भयारा स्थित एक गैस एजेंसी के पास हुई। पुलिस के अनुसार, बुधवार देर शाम एक ऑटो चालक ने बाइक को टक्कर मार दी, जिसमें लवलेश कुमार (25) पुत्र स्वामी शरण निवासी ग्राम लहबड़पुरवा मजरा दतौली गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई।

लवलेश कुमार अपनी पत्नी अनीता और दो बच्चों—लवी (5) और गुनगुन (3)—के साथ रहते थे और ड्यूटी से घर लौट रहे थे। मृतक की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.