यूपी बोर्ड परीक्षा: उत्तर पुस्तिका में रुपये मिलने पर नकल मानी जाएगी

लखनऊ: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपीएमएसपी) की बोर्ड परीक्षाओं के दौरान यदि किसी परीक्षार्थी की उत्तर पुस्तिका में रुपये पाए जाते हैं, तो इसे नकल सामग्री माना जाएगा और संबंधित छात्र के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में छात्र का परीक्षाफल रोका जा सकता है, जबकि संबंधित कक्ष निरीक्षक के विरुद्ध भी विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

बोर्ड सचिव की ओर से जिला विद्यालय निरीक्षकों को जारी निर्देश में कहा गया है कि वर्ष 2026 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाएं 18 फरवरी से शुरू होकर 12 मार्च तक चलेंगी। परीक्षा की निष्पक्षता और गरिमा बनाए रखने के उद्देश्य से यह सख्त कदम उठाया गया है।

यह भी पढ़े - बलिया में जनपदीय पाक कला प्रतियोगिता आयोजित, 30 रसोइयों ने लिया हिस्सा

निर्देश में बताया गया है कि कुछ परीक्षार्थी अनजाने में या गलतफहमी के कारण उत्तर पुस्तिकाओं में मुद्रा (नोट या सिक्के) नत्थी कर देते हैं, जो परीक्षा अनुशासन के विरुद्ध है। बोर्ड ने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए हैं कि परीक्षार्थियों को पहले ही स्पष्ट रूप से आगाह किया जाए कि उत्तर पुस्तिका में किसी भी प्रकार की अवांछित सामग्री या धनराशि रखना अनुशासनहीनता माना जाएगा।

बोर्ड ने कक्ष निरीक्षकों को भी सतर्क रहने और ऐसी किसी भी स्थिति पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। परीक्षा या मूल्यांकन के दौरान यदि किसी उत्तर पुस्तिका में रुपये मिलते हैं, तो उन्हें नियमानुसार तत्काल राजकोष में जमा कराया जाएगा और इसकी सूचना जिला विद्यालय निरीक्षक को दी जाएगी।

बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.