Shahjahanpur News: गोद भराई से एक दिन पहले प्रेमी संग फरार हुई युवती

खुटार (शाहजहांपुर)। क्षेत्र के एक गांव की युवती शुक्रवार को गोद भराई से ठीक एक दिन पहले अपने प्रेमी संग घर से फरार हो गई। युवती और युवक दोनों पड़ोसी गांव के एक स्कूल में प्राइवेट टीचर के रूप में कार्यरत थे और लंबे समय से एक-दूसरे के प्रेम में थे।

युवती के परिजनों ने उसकी शादी लखीमपुर खीरी जनपद के मोहम्मदी थाना क्षेत्र में तय कर दी थी। शनिवार को गोद भराई की रस्म होनी थी, लेकिन उससे पहले ही युवती ने प्रेमी को अपने गांव बुलाया और उसके साथ घर से चुपचाप निकल गई।

यह भी पढ़े - शाहजहांपुर : पत्नी की फावड़े से गला काटकर हत्या, आरोपी पति गिरफ्तार

घर में युवती के न मिलने पर परिजनों ने आसपास तलाश शुरू की, तब पता चला कि वह उसी स्कूल में पढ़ाने वाले युवक के साथ गई है। परिजन युवक के घर पहुंचे, जहां दोनों पक्षों के बीच पूरे दिन पंचायत चली। परिजनों ने युवती को समझाने की बहुत कोशिश की, लेकिन वह प्रेमी के साथ ही रहने की जिद पर अड़ी रही।

आखिरकार परिजन युवती को प्रेमी के घर छोड़कर लौट गए। इस घटना के बाद गांव और क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है। युवक और युवती एक ही बिरादरी के हैं, इसी कारण किसी भी पक्ष ने थाने में कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई।

खुटार इंस्पेक्टर आर. के. रावत ने बताया, "अब तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई सूचना या तहरीर नहीं दी गई है। अगर तहरीर मिलती है तो जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।"

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.