- Hindi News
- भारत
- कोलकाता : दूसरे चरण में 92.67% मतदान, 22 सीटों पर 95% से अधिक वोटिंग का रिकॉर्ड
कोलकाता : दूसरे चरण में 92.67% मतदान, 22 सीटों पर 95% से अधिक वोटिंग का रिकॉर्ड
कोलकाता : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में मतदान ने नया इतिहास रच दिया है। इस चरण में 142 निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 92.67 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जबकि दोनों चरणों को मिलाकर कुल मतदान 92.93 प्रतिशत पहुंच गया है। यह आजादी के बाद राज्य में अब तक का सबसे अधिक मतदान प्रतिशत माना जा रहा है।
चुनाव आयोग के अनुसार, उत्तर 24 परगना के 11, दक्षिण 24 परगना के 9 और हावड़ा व पूर्व बर्धमान के एक-एक क्षेत्र में 95 प्रतिशत से ज्यादा मतदान दर्ज किया गया। प्रमुख क्षेत्रों में देगंगा (96.85%), आमडांगा (96.03%), भांगड़ (96.78%), कुलतली (95.99%) और संदेशखाली (95.89%) शामिल हैं।
दिलचस्प बात यह है कि 2021 के चुनाव में इन्हीं क्षेत्रों में केवल 80.4 प्रतिशत मतदान हुआ था, यानी इस बार करीब 13 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। हालांकि मतदाताओं की संख्या में लगभग 51 लाख की कमी आई, इसके बावजूद इस बार 30 लाख से अधिक अतिरिक्त वोट पड़े।
विश्लेषकों का मानना है कि यह बढ़त केवल आंकड़ों का खेल नहीं, बल्कि मतदाताओं की बढ़ती राजनीतिक सक्रियता और जागरूकता को दर्शाती है। इस बार बड़ी संख्या में ऐसे लोग भी मतदान केंद्र पहुंचे, जो आमतौर पर वोट नहीं डालते थे।
आंकड़ों के अनुसार, प्रति विधानसभा क्षेत्र औसतन करीब 10 हजार अतिरिक्त मतदाता मतदान के लिए सामने आए। पहले चरण में यह वृद्धि प्रति सीट 14,237 रही, जबकि दूसरे चरण में 6,615 रही, जो स्थिर लेकिन महत्वपूर्ण भागीदारी को दर्शाती है।
इतिहास पर नजर डालें तो इससे पहले पश्चिम बंगाल में सबसे ज्यादा मतदान 2011 में 84.33 प्रतिशत दर्ज किया गया था। इस बार के आंकड़ों ने न केवल उस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया, बल्कि देश में विधानसभा चुनावों के मतदान में भी नया मानक स्थापित कर दिया है।
राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि यह उच्च मतदान दर राज्य में बढ़ती प्रतिस्पर्धा, राजनीतिक जागरूकता और दलों की सक्रियता का संकेत है। पश्चिम बंगाल ने एक बार फिर खुद को देश के सबसे राजनीतिक रूप से सजग राज्यों में साबित किया है।
