कोलकाता : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में रिकॉर्ड मतदान, दूसरे चरण में 91.62% वोटिंग

कोलकाता : पश्चिम बंगाल में भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में बुधवार को रिकॉर्ड 91.62 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इसके साथ ही राज्य की सभी 294 सीटों पर मतदान प्रक्रिया पूरी हो गई है।

इससे पहले 23 अप्रैल को हुए पहले चरण में 152 सीटों पर 93.19 प्रतिशत मतदान हुआ था। दोनों चरणों को मिलाकर कुल मतदान 92.47 प्रतिशत रहा, जो अब तक का एक नया रिकॉर्ड माना जा रहा है। चुनाव आयोग के अनुसार यह आजादी के बाद का सर्वाधिक मतदान है।

यह भी पढ़े - Madhya Pradesh News : डॉ. प्रीति अदाणी का ‘स्वाभिमान’ विज़न एमपी पहुंचा, 1500 महिलाओं को मिलेगा रोजगार

दूसरे चरण में 142 सीटों के लिए सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हुआ और शाम 6 बजे निर्धारित समय के बाद भी कई स्थानों पर मतदाता कतारों में खड़े रहे। इस चरण में महिलाओं की भागीदारी पुरुषों से अधिक रही। महिलाओं का मतदान प्रतिशत 92.28 जबकि पुरुषों का 91.07 रहा।

हालांकि कुछ स्थानों पर राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प और कुछ बूथों पर ईवीएम से छेड़छाड़ की शिकायतें सामने आईं, लेकिन कुल मिलाकर मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

जिलेवार आंकड़ों के अनुसार पूर्वी बर्धमान में सबसे अधिक 93.48 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि कोलकाता दक्षिण में सबसे कम 87.39 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इसके अलावा हुगली में 91.50%, हावड़ा में 91.17%, कोलकाता उत्तर में 89.03%, नदिया में 91.45%, उत्तर 24 परगना में 91.70% और दक्षिण 24 परगना में 91.73% मतदान हुआ।

मतदान को निष्पक्ष और भयमुक्त बनाने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। संवेदनशील क्षेत्रों में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल की 2,407 कंपनियां तैनात की गई थीं।

इस चरण में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के निर्वाचन क्षेत्र भवानीपुर में भी मतदान हुआ, जहां उनका मुकाबला भाजपा उम्मीदवार और नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी से है। मुख्य मुकाबला तृणमूल कांग्रेस और भाजपा के बीच माना जा रहा है, जबकि कांग्रेस और वामपंथी दल भी मैदान में हैं।

कुछ क्षेत्रों में ईवीएम खराबी और छेड़छाड़ के आरोपों के चलते तनाव की स्थिति भी बनी, जिसे सुरक्षा बलों ने नियंत्रित किया। कहीं-कहीं हल्की बारिश के बावजूद मतदाताओं का उत्साह कम नहीं हुआ।

दूसरे चरण में 1,448 उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे और कुल 41,001 मतदान केंद्रों पर वोटिंग कराई गई। इनमें 25,083 ग्रामीण और 14,218 शहरी मतदान केंद्र शामिल थे। 8,845 मतदान केंद्रों का संचालन पूरी तरह महिलाओं द्वारा किया गया।

राज्य में कुल 3.22 करोड़ से अधिक मतदाताओं ने इस चरण में मतदान किया, जिनमें 1.64 करोड़ पुरुष, 1.57 करोड़ महिलाएं और 792 उभयलिंगी मतदाता शामिल हैं।

दोनों चरणों की मतगणना 4 मई को होगी, जिसके बाद चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.