महराजगंज : फर्जी पुलिस वर्दी पहन रील बनाना पड़ा महंगा, यूट्यूबर पर मुकदमा दर्ज

महराजगंज : सदर कोतवाली थाना क्षेत्र में एक यूट्यूबर को फर्जी पुलिस वर्दी पहनकर सोशल मीडिया पर रील बनाना भारी पड़ गया। वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने यूट्यूबर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, महराजगंज निवासी यूट्यूबर अजीजा शेख ने उत्तर प्रदेश पुलिस के उप निरीक्षक (सब-इंस्पेक्टर) की वर्दी पहनकर एक भोजपुरी गीत पर वीडियो बनाया था। यह वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किया गया, जिसके बाद वह तेजी से वायरल हो गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि अजीजा शेख किसी भी लोक सेवक के पद पर नियुक्त नहीं हैं और न ही उन्हें पुलिस वर्दी पहनने का कोई अधिकार है।

पुलिस के मुताबिक, इस तरह की हरकत से आम जनता में भ्रम की स्थिति पैदा होती है और पुलिस विभाग की छवि धूमिल होती है। फर्जी वर्दी पहनकर वीडियो बनाना कानूनन अपराध की श्रेणी में आता है।

इस मामले में मुख्य आरक्षी अजय कुमार पाण्डेय की तहरीर पर थाना कोतवाली महराजगंज में मुकदमा संख्या 218/2026, धारा 204 बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।

पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और आगे की जांच जारी है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.