देवरिया : बारात आने से पहले दुल्हन की सड़क हादसे में मौत, शादी की खुशियां मातम में बदलीं

देवरिया : बरियारपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को हुए दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। जिस घर में बारात की आगवानी की तैयारी चल रही थी, वहां अचानक करुण-क्रंदन और चीत्कार गूंजने लगा। ब्यूटी पार्लर जाने निकली दुल्हन को बालू लदे ट्रेलर ने रौंद दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

इस हादसे में दुल्हन की मौसेरी बहन और चचेरा भाई भी घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजने के साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

यह भी पढ़े - Deoria News : लू से बचाव के लिए श्रमिक सतर्क रहें, सहायक श्रम आयुक्त ने जारी की अपील

जानकारी के अनुसार ग्राम गौर कोठी निवासी मिनिस्टर के परिवार में पत्नी रंभा, दो बेटे सचिन और गौरव तथा एक बेटी रचना थी। रचना की शादी कुशीनगर जिले के राजापाकड़ बरवा निवासी आनंद पासवान से तय हुई थी। मंगलवार 28 अप्रैल 2026 को बारात आनी थी और घर में शादी की तैयारियां पूरे जोर-शोर से चल रही थीं।

परिवार के सभी रिश्तेदार घर पहुंचे हुए थे और खुशी का माहौल था। इसी बीच दुल्हन रचना अपनी मौसेरी बहन पूजा और चचेरे भाई मुकेश के साथ बाइक से ब्यूटी पार्लर जाने के लिए घर से निकली।

दोपहर करीब दो बजे जब वे बरियारपुर चौराहे के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे बालू लदे ट्रेलर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रचना सड़क पर गिर गई और उसी दौरान ट्रेलर का पहिया उसके ऊपर चढ़ गया।

इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पूजा और मुकेश को हल्की चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत परिवार को सूचना दी।

जैसे ही घरवालों को घटना की खबर मिली, खुशी का माहौल पलभर में मातम में बदल गया। परिजन और रिश्तेदार रोते-बिलखते घटनास्थल पर पहुंच गए। उनके करुण-क्रंदन से माहौल बेहद गमगीन हो गया।

पुलिस ने घायल पूजा और मुकेश को अस्पताल पहुंचाया। ट्रेलर को कब्जे में ले लिया गया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पूरे गांव में इस हादसे के बाद शोक की लहर है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.