- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- गोरखपुर
- गोरखपुर : शादी के तीसरे दिन युवक ने खाया जहर, मौत से खुशियां मातम में बदलीं
गोरखपुर : शादी के तीसरे दिन युवक ने खाया जहर, मौत से खुशियां मातम में बदलीं
गोरखपुर : शहर के शाहपुर थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां शादी के महज तीसरे दिन ही एक युवक ने जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। इस घटना से घर में चल रही शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं।
बताया जा रहा है कि 28 अप्रैल की रात रुद्रनाथ ने अचानक जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल एक निजी अस्पताल ले गए, जहां से गंभीर स्थिति देखते हुए डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। शादी के बाद घर में अभी कई रस्में बाकी थीं और रिश्तेदार भी मौजूद थे, लेकिन अचानक हुई इस घटना ने सभी को स्तब्ध कर दिया।
मृतक के पिता प्रेम जायसवाल का कहना है कि सब कुछ सामान्य चल रहा था, किसी तरह की कोई परेशानी नहीं थी, ऐसे में बेटे ने यह कदम क्यों उठाया, यह समझ से परे है।
वहीं नवविवाहित पत्नी और मां का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आत्महत्या के कारणों की जांच में जुट गई है।
