गुजरात निकाय चुनाव : भाजपा की बड़ी बढ़त पर पीएम मोदी बोले—जनता ने सुशासन की राजनीति को चुना

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि गुजरात की जनता ने स्थानीय निकाय चुनावों में सुशासन की राजनीति और राज्य सरकार के शानदार कार्यों को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पक्ष में मतदान किया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पार्टी आने वाले समय में और अधिक मेहनत करेगी और गुजरात को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी।

गुजरात के स्थानीय निकाय चुनावों की मतगणना के बीच सत्तारूढ़ भाजपा निर्णायक जीत की ओर बढ़ती दिख रही है। 9,900 से अधिक सीटों में से भाजपा अब तक 6,472 सीटों पर जीत दर्ज कर चुकी है।

यह भी पढ़े - Varanasi News : पीएम मोदी ने 6350 करोड़ की 163 विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण और शिलान्यास

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा, “गुजरात और भाजपा का रिश्ता और मजबूत हुआ है। राज्य भर में हुए महानगरपालिका, नगरपालिका, तालुका पंचायत और जिला पंचायत चुनावों में मिले प्रचंड जनादेश के लिए मैं गुजरात की जनता का आभार व्यक्त करता हूं।”

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के शानदार कार्यों को देखते हुए लोगों ने सुशासन की राजनीति के लिए मतदान किया है और जनता ने वर्षों से भाजपा के परिश्रम को सराहा है।

प्रधानमंत्री ने कहा, “मैं गुजरात की जनता को आश्वस्त करता हूं कि हम आने वाले समय में और भी अधिक मेहनत करेंगे और गुजरात को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे।”

उन्होंने गुजरात भाजपा कार्यकर्ताओं की भी सराहना करते हुए कहा कि वे हमेशा जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं का समाधान करते रहे हैं, यही कारण है कि भाजपा लगातार राज्य की पसंदीदा पार्टी बनी हुई है।

राज्य निर्वाचन आयोग (एसईसी) के अनुसार, कांग्रेस ने 1,412 सीटें हासिल की हैं, जबकि निर्दलीय, आम आदमी पार्टी (आप), ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) सहित अन्य दलों ने 597 सीटों पर जीत दर्ज की है।

अधिकारियों के मुताबिक भाजपा ने अब तक 15 में से 9 नगर निगमों में जीत हासिल कर ली है। इनमें सुरेंद्रनगर, जामनगर, पोरबंदर, करमसाद-आणंद, नाडियाड, नवसारी, वापी, सूरत और मोरबी नगर निगम शामिल हैं, जहां पार्टी ने कुल सीटों में आधे से अधिक पर कब्जा जमाया है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.