लखनऊ : विशेष सत्र से पहले सपा विधायकों का प्रदर्शन, महिला आरक्षण लागू करने की मांग

लखनऊ : उत्तर प्रदेश विधानसभा के एकदिवसीय विशेष सत्र से पहले बृहस्पतिवार को समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायकों ने विधान भवन परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। सपा विधायक चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा के सामने एकत्र हुए और बाद में विधान भवन के गेट के बाहर सड़क पर उतरकर विरोध जताया।

प्रदर्शन के दौरान विधायकों के हाथों में ‘33 प्रतिशत महिला आरक्षण लागू करो’ लिखे बैनर दिखाई दिए। सपा विधायक संग्राम सिंह यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी महिला आरक्षण के नाम पर जनता को गुमराह कर रही है और परिसीमन के बहाने इस कानून को लागू नहीं कर रही।

यह भी पढ़े - Lucknow News : गाजीपुर पीड़ित परिवार को सपा देगी 5 लाख की मदद, बोले अखिलेश— महिलाएं सुरक्षित नहीं

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शुरुआत से ही महिला विरोधी रही है, जबकि उनके नेता डॉ. राम मनोहर लोहिया और मुलायम सिंह यादव ने हमेशा महिलाओं के अधिकारों की बात की।

प्रदर्शन में शामिल विधायक अमिताभ बाजपेई ने मांग की कि 2023 में पारित महिला आरक्षण कानून को तुरंत लागू किया जाए। उन्होंने कहा कि 2027 का उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव इसी कानून के तहत कराया जाना चाहिए।

विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव ने भी कहा कि सपा महिला आरक्षण के पक्ष में है और संसद के दोनों सदनों से विधेयक पारित हो चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नारी सशक्तिकरण के नाम पर जनता को भ्रमित कर रही है।

विधायक कमाल अख्तर ने भी सवाल उठाते हुए कहा कि जब महिला आरक्षण कानून पहले ही पारित हो चुका है, तो उसे लागू करने में देरी क्यों की जा रही है।

गौरतलब है कि आज आयोजित होने वाले एकदिवसीय विशेष सत्र में सरकार महिला आरक्षण विधेयक को लेकर विपक्ष के खिलाफ निंदा प्रस्ताव लाने की तैयारी में है। सरकार का उद्देश्य 2027 के चुनाव से पहले विपक्ष को महिला विरोधी के रूप में घेरना है, जबकि विपक्ष इस प्रस्ताव का पुरजोर विरोध कर रहा है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.