शाहजहांपुर : पत्नी की फावड़े से गला काटकर हत्या, आरोपी पति गिरफ्तार

शाहजहांपुर : मिर्जापुर थाना क्षेत्र के गांव भौती में मंगलवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की फावड़े से गला काटकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई।

जानकारी के अनुसार 50 वर्षीय सोमवती घर के अंदर जमीन पर चादर बिछाकर सो रही थीं। इसी दौरान उनके पति छत्रपाल ने घर में रखे फावड़े से उनकी गर्दन पर कई वार कर दिए। हमले में सोमवती की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से चला गया।

यह भी पढ़े - Shahjahanpur News : बहन से छेड़छाड़ का विरोध करने पर युवक को दौड़ाया, आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज

बताया जा रहा है कि उस समय बच्चे घर के बाहर खेल रहे थे। करीब एक बजे जब बच्चे घर के अंदर पहुंचे तो उन्होंने अपनी मां को खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़ा देखा। यह दृश्य देखकर बच्चों ने शोर मचाया, जिसके बाद गांव के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सोनी शुक्ला मौके पर पहुंचीं और उच्च अधिकारियों को मामले की जानकारी दी। एएसपी ग्रामीण भंवरे दीक्षा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और बच्चों से पूछताछ की।

बच्चों ने पुलिस को बताया कि माता-पिता के बीच अक्सर विवाद होता था और मंगलवार सुबह भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। इसी विवाद के बाद आरोपी पति ने इस वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस लाइन से पहुंची फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य और नमूने एकत्र किए। पुलिस ने आरोपी पति छत्रपाल को गिरफ्तार कर हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।

थाना प्रभारी सोनी शुक्ला ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.