- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- लखनऊ
- लखनऊ : महिला आरक्षण पर सीएम योगी का विपक्ष पर हमला, सपा-कांग्रेस को बताया ‘महिला विरोधी’
लखनऊ : महिला आरक्षण पर सीएम योगी का विपक्ष पर हमला, सपा-कांग्रेस को बताया ‘महिला विरोधी’
लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महिला आरक्षण के मुद्दे पर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जो लोग जन्मजात महिला विरोधी हैं, वही आज इस मुद्दे पर हंगामा कर रहे हैं।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा, "देख सपाई बिटिया घबराई", जो उस दौर की वास्तविक स्थिति को दर्शाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला आरक्षण के मुद्दे पर सपा के पास समर्थन करने का सुनहरा अवसर था, लेकिन उन्होंने इसका विरोध किया।
सीएम योगी ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस दोनों ही महिला विरोधी मानसिकता से ग्रसित हैं और नारी अधिकारों को कमजोर करने का काम करती रही हैं। उन्होंने विपक्ष को चुनौती देते हुए कहा कि अगर उनमें नैतिक साहस है तो वे सदन में खुलकर चर्चा करें और बताएं कि उन्होंने नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध क्यों किया।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि विपक्ष को देश की महिलाओं से माफी मांगनी चाहिए। साथ ही उन्होंने अपने निंदा प्रस्ताव के संदर्भ में भी विपक्ष से जवाबदेही तय करने की बात कही।
उन्होंने दोहराया कि उनकी सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
