- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- नोएडा
- ग्रेटर नोएडा वेस्ट में युवती की गोली लगने से मौत, दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल की लाइसेंसी पिस्टल स...
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में युवती की गोली लगने से मौत, दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल की लाइसेंसी पिस्टल से चली गोली
ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा वेस्ट क्षेत्र में एक युवती की गोली लगने से मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, दिल्ली पुलिस में तैनात एक हेड कांस्टेबल की लाइसेंसी पिस्टल से चली गोली से युवती गंभीर रूप से घायल हो गई थी, जिसकी इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शनिवार देर रात सोसाइटी के एक फ्लैट में कुछ लोग पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान गोली चलने की आवाज सुनाई दी। मौके पर पहुंचे लोगों ने देखा कि एक युवती खून से लथपथ हालत में पड़ी थी। उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आशीष और प्रिया पिछले करीब पांच वर्षों से एक-दूसरे के संपर्क में थे और बीते पांच महीनों से दोनों उसी फ्लैट में रह रहे थे। बताया जा रहा है कि पार्टी के दौरान आशीष की पत्नी का फोन आया, जिसे प्रिया ने रिसीव कर लिया। इसके बाद किसी बात को लेकर विवाद हुआ और उसी दौरान आशीष की लाइसेंसी पिस्टल से गोली चली।
सेंट्रल नोएडा के अपर पुलिस उपायुक्त आर.के. गौतम ने बताया कि अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और फ्लैट को सील कर दिया गया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की है और लाइसेंसी पिस्टल को कब्जे में ले लिया गया है।
उन्होंने कहा कि युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मृतका के परिजनों को सूचना दे दी गई है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।
