झांसी में प्रेम संबंध टूटने से आहत युवक ने की आत्महत्या

झांसी। उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में आठ वर्ष पुराने प्रेम संबंध के टूटने से आहत एक 21 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना गुरुवार की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान बड़ागांव गेट बाहर निवासी तुषार पाखरे के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि तुषार का पड़ोस में रहने वाली एक युवती से पिछले सात–आठ वर्षों से प्रेम संबंध था और दोनों विवाह करना चाहते थे। हाल के महीनों में आपसी मतभेदों के कारण दोनों के बीच विवाद बढ़ गया था, जिसके बाद युवती ने कथित तौर पर शादी से इनकार कर दिया।

यह भी पढ़े - भाजपा सरकार शिक्षा को अदाणी के हाथों सौंपना चाहती है: लाल बिहारी यादव

परिजनों का कहना है कि गुरुवार सुबह तुषार ने एक मित्र के माध्यम से युवती को बातचीत के लिए घर बुलाया था। दोनों के बीच कुछ देर बातचीत हुई, जिसके बाद युवती वहां से चली गई। उसके कुछ ही समय बाद तुषार ने कथित तौर पर अपने कमरे में फांसी लगा ली।

बताया गया कि युवती कुछ देर बाद अपना पर्स लेने के लिए दोबारा घर लौटी, जहां तुषार को फंदे से लटका देख उसने शोर मचाया। सूचना मिलने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुषार को नीचे उतारकर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

कोतवाली थाना प्रभारी विद्या सागर ने बताया कि सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उन्होंने कहा कि परिजनों की तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.