बलिया सीडीओ ने विकास भवन का किया निरीक्षण, अव्यवस्था पर नाराजगी; अनुपस्थित अधिकारी पर कार्रवाई

बलिया। मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) ओजस्वी राज ने शुक्रवार को विकास भवन का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान कार्यालयों में गंदगी, फाइलों का अव्यवस्थित रखरखाव और कर्मचारियों की अनुपस्थिति पाए जाने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई और सुधार के लिए कई निर्देश जारी किए।

निरीक्षण के दौरान जिला समाज कल्याण अधिकारी (विकास) रमेश कुमार अनुपस्थित पाए गए, जबकि लापरवाही पर जिला युवा कल्याण अधिकारी (पीआरडी) का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए। सीडीओ ने डीडीओ, डीपीआरओ, डीएम डब्ल्यूओ और कृषि विभाग सहित सभी कार्यालयों की अलमारियों पर क्रम संख्या अंकित करने तथा यह स्पष्ट करने के निर्देश दिए कि किस अलमारी में कौन-सी फाइलें रखी गई हैं। पुराने बक्सों और धूल जमी फाइलों को तत्काल हटाने को कहा गया।

यह भी पढ़े - प्रेमिका द्वारा जहर खाने के बाद युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

सीडीओ ने सभी पटलों और कर्मचारियों की मेज पर नाम पट्टिका लगाने और उनके कार्यों का विवरण प्रदर्शित करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को कार्य संबंधी जानकारी मिल सके। आरईडी कार्यालय में प्रधान सहायक के लिए कुर्सी न होने पर संबंधित अधिशासी अभियंता को तत्काल फर्नीचर उपलब्ध कराने को कहा गया।

विकास भवन के शौचालयों की स्थिति असंतोषजनक पाए जाने पर नजीर को तत्काल सफाई, टूटे वेस्ट पाइप बदलने, यूरिनल बदलने तथा जल आपूर्ति दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। महिला शौचालयों की सफाई और आरओ की सर्विस कराने को भी कहा गया।

इसके अलावा कक्ष संख्या 12 और 13 के बीच बने अस्थायी कमरे, डीआरडीए स्टोर और अन्य विभागों में रखे अनुपयोगी सामान की समिति बनाकर नीलामी कराने तथा कमरे खाली कराने के निर्देश दिए गए। डीपीआरओ कार्यालय में आईजीआरएस सेल का बोर्ड लगाने और सोशल ऑडिट रूम सहित अन्य कक्षों में कर्मचारियों के नाम व कार्य प्रदर्शित करने को कहा गया।

सीडीओ ने स्पष्ट किया कि सोमवार को पुनः निरीक्षण किया जाएगा और 13 फरवरी 2026 को विकास भवन का वृहद निरीक्षण होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि व्यवस्थाओं में सुधार नहीं पाया गया तो लापरवाह अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ शासन स्तर पर कार्रवाई के लिए संस्तुति भेजी जाएगी।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.