मंत्री का घेराव करने पर भाजपा विधायक से जवाब तलब, प्रदेश अध्यक्ष ने जारी किया कारण बताओ नोटिस

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का महोबा में सार्वजनिक रूप से घेराव करने के मामले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए चरखारी से विधायक बृजभूषण राजपूत से जवाब तलब किया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने विधायक को कारण बताओ नोटिस जारी कर सात दिन के भीतर स्पष्टीकरण देने को कहा है।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, प्रदेश नेतृत्व ने इस घटना को गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए त्वरित कार्रवाई की है। सूत्रों का कहना है कि सैकड़ों समर्थकों के साथ मंत्री के काफिले को रोकना और सड़क पर विरोध प्रदर्शन करना पार्टी की आंतरिक मर्यादा के विपरीत है, जिससे सरकार और संगठन दोनों की छवि प्रभावित हुई है।

यह भी पढ़े - Lucknow News: लखनऊ में किशोरी से दुष्कर्म के आरोप में पांच युवक हिरासत में

यह घटना 30 जनवरी की बताई जा रही है, जब महोबा जिले में जल जीवन मिशन की समीक्षा के दौरान मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का काफिला रोका गया था। इस दौरान विधायक बृजभूषण राजपूत अपने समर्थकों और कुछ ग्राम प्रधानों के साथ मौके पर पहुंचे और मंत्री से सीधे बातचीत की मांग की। कुछ समय तक सड़क पर ही बहस और हंगामे की स्थिति बनी रही।

विधायक का आरोप था कि उनके विधानसभा क्षेत्र में घर-नल-जल योजना के क्रियान्वयन में गंभीर लापरवाही हो रही है। उन्होंने दावा किया कि पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़कों की मरम्मत नहीं कराई गई, जिससे ग्रामीणों को परेशानी हो रही है। विधायक का कहना है कि वह इन मुद्दों को लेकर मंत्री का ध्यान आकर्षित करना चाहते थे।

भाजपा नेतृत्व के अनुसार, जनसमस्याओं को उठाने के लिए संगठनात्मक और प्रशासनिक मंच उपलब्ध हैं, लेकिन किसी मंत्री का सार्वजनिक रूप से घेराव स्वीकार्य नहीं है। यदि विधायक का जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया तो आगे की संगठनात्मक कार्रवाई पर भी विचार किया जा सकता है।

इस बीच विधायक बृजभूषण राजपूत ने कहा है कि उन्हें अभी तक कारण बताओ नोटिस प्राप्त नहीं हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि वह भाजपा प्रदेश अध्यक्ष से मिलकर अपना पक्ष रखेंगे। विधायक का दावा है कि उन्होंने कोई अनुशासनहीनता नहीं की, बल्कि जनहित के मुद्दे उठाए हैं।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.