- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- मथुरा
- मथुरा में पुलिस मुठभेड़ : कारोबारी के घर डकैती डालने वाले दो बदमाश ढेर, दो पुलिसकर्मी घायल
मथुरा में पुलिस मुठभेड़ : कारोबारी के घर डकैती डालने वाले दो बदमाश ढेर, दो पुलिसकर्मी घायल
मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में गुरुवार सुबह पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में कारोबारी के घर डकैती डालने के आरोपी दो बदमाश मारे गए। मुठभेड़ के दौरान दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। मारे गए दोनों बदमाश राजस्थान के निवासी बताए जा रहे हैं।
डकैती की घटना के बाद पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। एसएसपी के निर्देश पर 17 टीमों का गठन किया गया था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों की पहचान की और उनकी तलाश तेज कर दी।
मांट क्षेत्राधिकारी संदीप सिंह के अनुसार गुरुवार सुबह बदमाश दोबारा टैंटीगांव इलाके में पहुंचे थे। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की, जिसके बाद बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पप्पू उर्फ राजेंद्र और धर्मवीर उर्फ लंबू गोली लगने से घायल हो गए।
दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं, जिनका इलाज कराया जा रहा है।
एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि मारा गया धर्मवीर उर्फ लंबू राजस्थान के कोटपुतली क्षेत्र के बोकाली गांव का निवासी था, जबकि पप्पू उर्फ राजेंद्र अंबेडकर नगर इलाके का रहने वाला था।
पुलिस के मुताबिक डकैती में शामिल अन्य बदमाशों की तलाश अभी जारी है। वहीं, दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सुबह-सुबह हुई इस मुठभेड़ के बाद इलाके में दहशत और सन्नाटा पसरा हुआ है।
