- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- हमीरपुर
- हमीरपुर हादसा : यमुना नदी में पलटी नाव, छह लोग लापता; सीएम योगी ने दिए युद्धस्तर पर राहत-बचाव के निर...
हमीरपुर हादसा : यमुना नदी में पलटी नाव, छह लोग लापता; सीएम योगी ने दिए युद्धस्तर पर राहत-बचाव के निर्देश
हमीरपुर। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में बुधवार शाम बड़ा हादसा हो गया। कुरारा थाना क्षेत्र में यमुना नदी में एक नाव पलटने से उस पर सवार छह लोग लापता हो गए। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को तत्काल राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं।
बताया जा रहा है कि नाव चला रहे किशोर धीरू ने साहस दिखाते हुए तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन पांच बच्चों और एक महिला समेत छह लोग नदी में लापता हो गए।
लापता लोगों में आकांक्षा (9), रानी (9), बृजरानी (25), लाभयांश (5), महेश (6) और आदित्य (11) शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई।
जिलाधिकारी अभिषेक गोयल और पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक ने बताया कि राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है। राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की तीन टीमें नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।
हमीरपुर सदर से भाजपा विधायक मनोज प्रजापति ने कहा कि प्रशासन पूरी गंभीरता से राहत कार्य में जुटा हुआ है और पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद दी जाएगी।
इधर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि लापता लोगों की जल्द से जल्द तलाश सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राहत एवं बचाव कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को हादसे के कारणों की जांच कर भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस इंतजाम करने के निर्देश भी दिए हैं।
