नैनीताल में ट्रैफिक जाम से राहत के लिए स्मार्ट सिस्टम लागू, 17 स्थानों पर लगेंगे ‘ट्रैफिक आई’ डिवाइस

नैनीताल। पर्यटन और धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण नैनीताल जिले में बढ़ते यातायात दबाव और जाम की समस्या से निपटने के लिए उत्तराखंड सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के निर्देश पर कुमाऊं परिक्षेत्र की पुलिस महानिरीक्षक रिद्धिम अग्रवाल ने जिले में इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम लागू करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

योजना के तहत पहले चरण में जिले के 17 प्रमुख स्थानों और पार्किंग क्षेत्रों में कुल 37 अत्याधुनिक ‘ट्रैफिक आई’ डिवाइस लगाए जाएंगे। इसके लिए प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है। आगे चलकर पूरे जिले में 70 से अधिक डिवाइस स्थापित करने की योजना है, जिस पर लगभग 69 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है।

आईआईटी रुड़की के सहयोग से विकसित तकनीक

यह आधुनिक ट्रैफिक सिस्टम भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रुड़की के तकनीकी सहयोग से तैयार किया गया है। ‘ट्रैफिक आई’ सिस्टम के जरिए शहर के विभिन्न मार्गों और पार्किंग स्थलों पर वाहनों की संख्या, पार्किंग क्षमता और यातायात दबाव की रियल टाइम मॉनिटरिंग की जा सकेगी। इससे जाम की स्थिति का समय रहते आकलन कर ट्रैफिक को बेहतर ढंग से नियंत्रित किया जा सकेगा।

परीक्षण में मिले सकारात्मक परिणाम

आईजी रिद्धिम अग्रवाल ने बताया कि इस तकनीक का परीक्षण मेट्रोपोल पार्किंग, डीएसए पार्किंग, अशोक पार्किंग और सिविल कोर्ट क्षेत्र में किया जा चुका है। परीक्षण के दौरान सकारात्मक परिणाम सामने आने के बाद इसे बड़े स्तर पर लागू करने का निर्णय लिया गया।

इन स्थानों पर लगेगा सिस्टम

पहले चरण में नारिमन तिराहा (काठगोदाम), भीमताल मोड़, भवाली चौराहा, बारापत्थर, तल्लीताल और कालाढूंगी तिराहा समेत कई प्रमुख चौराहों और पार्किंग स्थलों को चिन्हित किया गया है। इन क्षेत्रों में अक्सर भारी यातायात दबाव और जाम की समस्या बनी रहती है।

पर्यटन सीजन में मिलेगी बड़ी राहत

आईजी रिद्धिम अग्रवाल ने कहा कि इस स्मार्ट ट्रैफिक सिस्टम के लागू होने से विशेष रूप से पर्यटन सीजन के दौरान यातायात व्यवस्था अधिक सुदृढ़ और प्रभावी हो सकेगी। इससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ नैनीताल आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं को भी सुरक्षित, सुगम और बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी।

खबरें और भी हैं

Latest News

गाजीपुर एनकाउंटर पर मंत्री संजय निषाद के सवाल, बोले- मुख्य आरोपी नहीं था कमलेश बिंद गाजीपुर एनकाउंटर पर मंत्री संजय निषाद के सवाल, बोले- मुख्य आरोपी नहीं था कमलेश बिंद
गाजीपुर/लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार में मत्स्य मंत्री और निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय कुमार निषाद ने गाजीपुर में...
Lucknow Crime News : प्रेमी ने की प्रेमिका की हत्या, 12 दिन बाद जंगल से मिले कंकालनुमा अवशेष
Ballia News : शादी से पहले युवती पर घर में घुसकर हमला, मां-बेटों पर मुकदमा दर्ज
नौरंगा में कटानरोधी कार्य की धीमी रफ्तार पर भड़के डीएम, युद्धस्तर पर काम पूरा करने के निर्देश
डीएम ने बदला सम्पूर्ण समाधान दिवस का कार्यक्रम, 6 जून को बेल्थरा रोड में होगी जनसुनवाई
Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.