Bareilly : सड़क पर मलबा छोड़ने वालों पर सख्ती, जुर्माने के साथ होगा जब्ती अभियान

बरेली : शहर में सड़कों और गलियों में निर्माण एवं ध्वस्तीकरण (सीएंडडी) का मलबा अवैध रूप से डालने वालों के खिलाफ नगर निगम ने सख्त अभियान चलाने का फैसला किया है। अधिकारियों ने कहा कि मुख्य मार्गों या गलियों में मलबा पड़ा मिलने पर उसे तत्काल जब्त करने के साथ जुर्माना भी लगाया जाएगा।

नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने बृहस्पतिवार को मुख्य अभियंता मनीष अवस्थी के साथ समीक्षा बैठक में इस अभियान की रणनीति तय की। नई व्यवस्था के तहत पूरे शहर को चार जोन में बांटा गया है और प्रत्येक जोन की जिम्मेदारी सहायक अभियंता, अवर अभियंता तथा सुपरवाइजरों की टीम को सौंपी गई है।

यह भी पढ़े - उत्तर प्रदेश में 27 IPS अधिकारियों का तबादला, कई जिलों के कप्तान बदले

अधिकारियों के अनुसार, ये टीमें अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निगरानी करेंगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मौके पर ही जुर्माने की रसीद जारी करेंगी। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को विशेष रसीद बुक उपलब्ध कराई गई है।

नगर निगम ने जब्त किए गए मलबे और अन्य वेस्ट मटेरियल का उपयोग निगम द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों तथा गड्ढा भरने जैसे कार्यों में दोबारा करने की योजना बनाई है। अभियान की प्रभावी निगरानी के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों का भी सहयोग लिया जाएगा।

नगर आयुक्त ने कहा कि इस मुहिम से सड़कों पर अतिक्रमण कम होगा और निर्माण सामग्री से उड़ने वाली धूल के कारण होने वाले प्रदूषण पर भी नियंत्रण लगाने में मदद मिलेगी। उन्होंने निर्माण विभाग को निर्देश दिया कि इस मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.