जांच के दौरान बना प्रेम प्रसंग, विरोध करने पर पति को फंसाने की धमकी का आरोप

बाराबंकी। रामनगर थाने में तैनात एक दरोगा पर घरेलू विवाद की जांच के दौरान महिला से प्रेम संबंध बनाने और इसका विरोध करने पर पति को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।

रामनगर थाना क्षेत्र के कुम्हारवा गांव निवासी अरुण कुमार ने एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि करीब एक वर्ष पूर्व पत्नी से हुए घरेलू विवाद की शिकायत पर एसआई अखिलेश यादव जांच के लिए उनके घर आए थे। आरोप है कि इसी दौरान दरोगा ने पत्नी को नौकरी दिलाने का झांसा देकर उससे मोबाइल पर बातचीत शुरू की, जो धीरे-धीरे प्रेम प्रसंग में बदल गई।

यह भी पढ़े - बलिया के खनन अधिकारी को गाड़ी से कुचलने की कोशिश, पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज

अरुण कुमार का आरोप है कि दरोगा कई बार जबरन उसकी पत्नी को कार में बैठाकर ले गया। एक बार घर में अकेले होने के दौरान भी दरोगा वहां पहुंचा, जहां दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देखा गया। इसके बाद परिवार ने दरोगा के घर आने-जाने पर रोक लगा दी।

पीड़ित के अनुसार, इस बात से नाराज होकर एसआई अखिलेश यादव 28 जनवरी 2026 को उनके घर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए पूरे परिवार को लूट और डकैती के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी।

वहीं, एसआई अखिलेश यादव ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा है कि महिला ने 27 जनवरी 2026 को थाने में प्रार्थना पत्र दिया था, जिसकी जांच के सिलसिले में पति को बुलाया गया था।

मामले से जुड़ा एक कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। सीओ रामनगर गरिमा पंत ने बताया कि दोनों पक्षों को बयान के लिए बुलाया गया है और जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.