- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- लखनऊ
- UP News: देश के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर सीएम योगी ने पीएम मोदी को दी बधाई
UP News: देश के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर सीएम योगी ने पीएम मोदी को दी बधाई
लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देश के इतिहास में सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में कार्य करने का नया कीर्तिमान स्थापित करने पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें हार्दिक बधाई दी है।
उन्होंने कहा कि भारतीय लोकतंत्र का यह अभूतपूर्व कीर्तिमान देशवासियों के विश्वास, स्नेह और आशीर्वाद की सामूहिक अभिव्यक्ति है। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व, दूरदृष्टि और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान की सराहना की।
https://twitter.com/i/status/2064539082076950706
सीएम योगी ने लिखा कि इतिहास में ऐसे अवसर बहुत कम आते हैं, जब कोई नेतृत्व केवल सरकार का नहीं, बल्कि एक युग की चेतना का प्रतीक बन जाता है। यह सम्मान उसी तप, त्याग, दूरदृष्टि और राष्ट्रनिष्ठा का अभिनंदन है, जिसने करोड़ों भारतीयों को ‘विकसित भारत’ के संकल्प से जोड़ा है।
उन्होंने आगे कहा कि राष्ट्रसेवा को समर्पित प्रधानमंत्री मोदी की यह अविराम साधना भारत की प्रगति, वैश्विक प्रतिष्ठा और पराक्रम की नई गाथाएं लिखती रहे, यही उनकी मंगलकामना है।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में लगातार 4,399 दिन का कार्यकाल पूरा कर देश के इतिहास में सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।
