- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- बलिया में आग लगने से 30 से अधिक झोपड़ियां जलीं, चार लोग झुलसे
बलिया में आग लगने से 30 से अधिक झोपड़ियां जलीं, चार लोग झुलसे
बलिया। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के उभांव थाना क्षेत्र में शनिवार को आग लगने से तीन दर्जन से अधिक रिहायशी झोपड़ियां जलकर राख हो गईं। घटना में चार लोग झुलस गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आग फैलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोग गैस सिलेंडर तथा अन्य जरूरी सामान लेकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।
इस घटना में बेचन (55) और कंचन (32) पत्नी राम प्रवेश समेत चार लोग झुलस गए। सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर पहुंचाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि सूचना देने के बावजूद फायर ब्रिगेड के पहुंचने में देरी हुई, जिसके चलते गांव के पास फोरलेन निर्माण कार्य में लगे पानी के टैंकरों और आसपास के ट्यूबवेल की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया गया।
करीब 40 मिनट बाद पहुंची फायर ब्रिगेड, पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया। अगलगी में एक भैंस और कई बकरियों के भी जलने की सूचना है।
मौके पर उपजिलाधिकारी शरद चौधरी, थाना प्रभारी दिनेश पाठक, राजस्व टीम और एंबुलेंस मौजूद रही। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।
