- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- आजमगढ़
- पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा, कंटेनर से टकराई कार; पांच लोगों की मौत
पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा, कंटेनर से टकराई कार; पांच लोगों की मौत
आजमगढ़ : पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर शनिवार अपराह्न एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे कंटेनर ट्रक से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। राहगीरों की सूचना पर डायल-112 और थाना कंधरापुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक पांचों की मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलने पर एसपी ट्रैफिक भी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। दुर्घटना के कारण एक्सप्रेस-वे पर कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। बाद में क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया गया।
पुलिस ने बताया कि मृतकों की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और सनसनी का माहौल है।
