समायोजन सूची की विसंगतियों को लेकर शिक्षक संघ ने बीएसए को सौंपा पत्रक

बलिया। शैक्षिक सत्र 2026-27 की अंतः जनपदीय समायोजन सूची में कथित विसंगतियों को दूर कराने की मांग को लेकर उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाई स्कूल (पूर्व माध्यमिक) शिक्षक संघ, बलिया ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को पत्रक सौंपा।

संघ के जिलाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह यादव और मंत्री अरुणेश गिरी ने कहा कि संविलित विद्यालयों के संबंध में सचिव, उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद के 12 अप्रैल 2022 के पत्र में स्पष्ट उल्लेख है कि जहां उच्च प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापक तथा प्राथमिक विद्यालय में एक प्रधानाध्यापक हो, वहां प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक को सहायक अध्यापक उच्च प्राथमिक के रूप में अंकित किया जाएगा।

यह भी पढ़े - फिलाटेली प्रतियोगिता में चमके सनबीम स्कूल के उत्कर्ष उज्ज्वल, मिलेगा 6 हजार रुपये वार्षिक छात्रवृत्ति

उन्होंने आरोप लगाया कि कंपोजिट विद्यालयों में उच्च प्राथमिक स्तर पर प्रधानाध्यापक का पद नहीं होने के बावजूद प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक को सहायक अध्यापक उच्च प्राथमिक अंकित किया गया है। इससे पहले से कार्यरत उच्च प्राथमिक विद्यालयों के सहायक अध्यापक छात्र-शिक्षक अनुपात के आधार पर समायोजन की जद में आ सकते हैं, जो न्यायोचित नहीं होगा।

संघ ने यह भी कहा कि कई शिक्षकों को केवल इंटरमीडिएट विज्ञान के आधार पर विज्ञान/गणित शिक्षक दर्शाया गया है, जबकि उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा अध्यापक सेवा नियमावली 1981 के आठवें संशोधन के अनुसार विज्ञान अध्यापक पद के लिए विज्ञान स्नातक होना अनिवार्य है।

शिक्षक संघ ने प्रमुख सचिव बेसिक शिक्षा और बेसिक शिक्षा परिषद के विभिन्न शासनादेशों का हवाला देते हुए मांग की कि विज्ञान एवं गणित विषय पर नियुक्त शिक्षकों को समायोजन प्रक्रिया से बाहर रखा जाए। साथ ही संगठन के अध्यक्ष एवं मंत्री को भी अंतः जनपदीय स्थानांतरण एवं समायोजन प्रक्रिया में वरीयता प्रदान करने की मांग की गई।

संघ ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से मांग की कि समायोजन सूची में मौजूद विसंगतियों को दूर कर शिक्षकों के हितों की रक्षा सुनिश्चित की जाए।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.