महाराष्ट्र में हैवानियत की हदें पार: महिलाओं को अर्धनग्न कर निकाला जुलूस, वीडियो वायरल

ठाणे। महाराष्ट्र के ठाणे जिले के उल्हासनगर कैंप-3 इलाके से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की रंजिश में दबंगों ने एक परिवार की महिलाओं के साथ अमानवीय व्यवहार किया। महिलाओं के बाल काटे गए, कपड़े फाड़कर उन्हें अर्धनग्न किया गया और गले में जूतों-चप्पलों की माला डालकर करीब दो किलोमीटर तक सड़क पर जुलूस निकाला गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में भारी आक्रोश है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मामला उल्हासनगर के वाघरी नगर इलाके का है। कुछ समय पहले स्थानीय जात पंचायत ने एक परिवार का सामाजिक बहिष्कार कर उनके मंदिर प्रवेश पर रोक लगा दी थी। घटना वाले दिन मंदिर में धार्मिक कार्यक्रम और भंडारे का आयोजन था। पीड़ित परिवार के एक युवक ने इस पाबंदी का विरोध करते हुए मंदिर में प्रवेश किया, जिससे समुदाय के कुछ दबंग लोग नाराज हो गए।

यह भी पढ़े - श्री राष्ट्रीय परशुराम सेना संघ बीकानेर में मुरलीधर जोशी बने महासचिव

बताया जा रहा है कि आरोपियों ने लाठी-डंडों के साथ पीड़ित परिवार के घर पर हमला कर दिया। घर के पुरुषों की पिटाई करने के बाद महिलाओं को निशाना बनाया गया और पुलिस में शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई।

शुक्रवार सुबह जब कांता प्रेम राजपूत, उनकी बहन गीता राजपूत और बेटी अंजलि शिकायत दर्ज कराने मध्यवर्ती पुलिस थाने जा रही थीं, तभी रास्ते में आरोपियों ने उन्हें घेर लिया। महिलाओं को सड़क पर घसीटा गया, उनके कपड़े फाड़ दिए गए और कैंची से बाल काट दिए गए। इसके बाद गले में जूतों-चप्पलों की माला डालकर विठ्ठलवाड़ी स्टेशन तक अपमानजनक जुलूस निकाला गया।

घटना के दौरान सड़क पर भारी भीड़ मौजूद रही, लेकिन किसी ने पीड़ित महिलाओं की मदद नहीं की। लोग तमाशबीन बने मोबाइल से वीडियो बनाते रहे।

वीडियो वायरल होने और मामला तूल पकड़ने के बाद पुलिस ने ज्युली वाघरी, विणू वाघरी, पप्पी वाघरी, नितिन थोरात, रोहित वाघरी, सोनू उर्फ बालू वाघरी, महेश वाघरी समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है।

उल्हासनगर के एसीपी शैलेश काले ने बताया कि दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.