- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- गोरखपुर
- हर व्यक्ति की समस्या का समाधान सरकार की प्राथमिकता : सीएम योगी
हर व्यक्ति की समस्या का समाधान सरकार की प्राथमिकता : सीएम योगी
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि जन समस्याओं का समाधान सरकार की प्रतिबद्धता है। गोरखपुर प्रवास के दौरान लगातार दूसरे दिन रविवार को गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में उन्होंने विभिन्न जिलों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने करीब 150 लोगों से मुलाकात कर उनकी शिकायतों और समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया।
जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने लोगों के प्रार्थना पत्र संबंधित अधिकारियों को भेजते हुए त्वरित एवं संतोषजनक निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि हर समस्या का प्रभावी समाधान कराया जाएगा।
इस दौरान एक महिला ने आर्थिक तंगी का हवाला देते हुए अपनी बेटी के विवाह में सहायता की मांग की। मुख्यमंत्री ने उसे मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की जानकारी दी, जिसमें प्रति जोड़ा एक लाख रुपये की सहायता प्रदान की जाती है। महिला के अनुरोध पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने पहुंचे लोगों से मुख्यमंत्री ने कहा कि धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जरूरतमंदों के इलाज का इस्टीमेट जल्द तैयार कर उपलब्ध कराया जाए, ताकि सरकार तत्काल सहायता प्रदान कर सके।
राजस्व और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में भी मुख्यमंत्री ने शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए। जनता दर्शन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंदिर की गोशाला पहुंचकर गोसेवा की। उन्होंने गोवंश को गुड़ खिलाया और गर्मी को देखते हुए गोशाला कर्मियों को पशुओं की समुचित देखभाल के निर्देश दिए।
