- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बाराबंकी
- Barabanki Crime News: 10 किलो अफीम के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, अंतरजनपदीय गैंग पर भी पुलिस का शिकंजा
Barabanki Crime News: 10 किलो अफीम के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, अंतरजनपदीय गैंग पर भी पुलिस का शिकंजा
बाराबंकी : एएनटीएफ थाना बाराबंकी और रुपैडिहा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अवैध मादक पदार्थ की तस्करी करने वाले दो सक्रिय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 10.050 किलोग्राम अवैध अफीम, एक बाइक, दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 448 रुपये भारतीय मुद्रा और 1800 नेपाली रुपये बरामद किए हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नेपाल से अफीम लाकर बहराइच, लखीमपुर खीरी और श्रावस्ती समेत नेपाल सीमा से सटे जिलों में ऊंचे दामों पर बेचते थे। घटना वाले दिन भी दोनों आरोपी नेपाल से अफीम लेकर सप्लाई के लिए जा रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
मामले में थाना रुपैडिहा जनपद बहराइच में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में एएनटीएफ बाराबंकी के उपनिरीक्षक करुणेश पाण्डेय, पुरुषोत्तम विश्वकर्मा, मनीष कुमार दुबे सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
वहीं दूसरी ओर पुलिस ने चोरी और नकबजनी जैसी वारदातों में सक्रिय एक अंतरजनपदीय गिरोह पर भी बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय की आख्या पर इस गिरोह का जोन स्तर पर आईआर गैंग (इंटर रेंज गैंग) के रूप में पंजीकरण कराया गया है।
पुलिस के अनुसार ऐसे गिरोह, जिनके सदस्य एक से अधिक परिक्षेत्रों और जनपदों में अपराध करते हैं, उनके खिलाफ आईआर गैंग के तहत कार्रवाई की जाती है।
इसी क्रम में थाना जहांगीराबाद क्षेत्र के एक गिरोह को सूचीबद्ध किया गया है। पुलिस के मुताबिक गिरोह का सरगना मनोज कुमार निवासी ग्राम अटवा थाना जहांगीराबाद अपने साथियों दयाराम, रवीन्द्र उर्फ रवि, उमेश उर्फ अभिषेक, नीलू और विनय कुमार सोनी के साथ मिलकर बाराबंकी, लखनऊ और सीतापुर समेत कई जिलों में चोरी और नकबजनी की घटनाओं को अंजाम देता था।
पुलिस ने बताया कि गिरोह के विरुद्ध आईआर गैंग का पंजीकरण कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। कुछ आरोपी फिलहाल जेल में हैं, जबकि कुछ जमानत पर बताए जा रहे हैं।
