‘आप चुप क्यों हैं?’ NEET पेपर लीक मामले में राहुल गांधी ने पीएम मोदी से पूछे सवाल

नई दिल्ली। नीट-यूजी 2026 पेपर लीक मामले को लेकर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधा है।

राहुल गांधी ने कहा कि बार-बार पेपर लीक की घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन सरकार ठोस कार्रवाई करने में विफल साबित हो रही है। उन्होंने सवाल किया कि लगातार पेपर लीक होने के बावजूद शिक्षा मंत्री को अब तक बर्खास्त क्यों नहीं किया गया।

यह भी पढ़े - भोपाल में थिंक गैस की नई पहल, चार बड़ी सोसाइटी घोषित हुईं ‘एलपीजी फ्री ज़ोन’

दरअसल, 3 मई को आयोजित NEET-UG 2026 परीक्षा का पेपर सोशल मीडिया पर पहले ही लीक होने का मामला सामने आया था। इसके बाद सरकार ने परीक्षा रद्द कर नई तारीख घोषित की और मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी। राजस्थान और महाराष्ट्र से कई आरोपियों की गिरफ्तारी भी हुई है। इससे पहले वर्ष 2024 में भी नीट पेपर लीक का मामला सामने आया था।

राहुल गांधी ने रविवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट कर NEET 2024 और NEET 2026 मामलों की तुलना की। उन्होंने लिखा,

“NEET 2024: पेपर लीक हुआ, परीक्षा रद्द नहीं हुई, मंत्री ने इस्तीफा नहीं दिया, सीबीआई जांच हुई, एक कमेटी बनी।

NEET 2026: पेपर लीक हुआ, परीक्षा रद्द हुई, मंत्री ने फिर इस्तीफा नहीं दिया, सीबीआई फिर जांच कर रही है, एक और कमेटी बनेगी।”

उन्होंने आगे लिखा, “मोदी जी, देश आपसे कुछ सवाल पूछ रहा है— बार-बार पेपर लीक क्यों हो रहे हैं? इस ‘परीक्षा पे चर्चा’ पर आप चुप क्यों हैं? बार-बार फेल हो रहे शिक्षा मंत्री को बर्खास्त क्यों नहीं किया जा रहा?”

इधर, सीबीआई ने जांच के दौरान राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) से जुड़े एक सरकारी कर्मचारी की भूमिका की भी जांच शुरू कर दी है। जांच एजेंसी के अनुसार, मनीषा संजय वाघमारे ने एनटीए से जुड़े एक कर्मचारी के साथ मिलकर 27 अप्रैल को प्रश्नपत्र और उत्तर हासिल किए थे। आरोप है कि बाद में यह पेपर धनंजय लोखंडे समेत अन्य लोगों को पैसों के बदले उपलब्ध कराया गया।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.