Lucknow News: जमीन के नाम पर 8.80 लाख की ठगी, प्रॉपर्टी डीलर पर FIR दर्ज

लखनऊ। राजधानी के चिनहट थाना क्षेत्र में जमीन के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक प्रॉपर्टी डीलर ने महिला से प्लॉट दिलाने के नाम पर 8.80 लाख रुपये वसूल लिए और न तो जमीन की रजिस्ट्री कराई, न ही रकम वापस की। विरोध करने पर धमकी देने का भी आरोप है। पीड़िता की शिकायत पर चिनहट पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गोमती नगर के विनय खंड निवासी माला विश्वकर्मा ने बताया कि एक वर्ष पहले कंचनपुर मटियारी निवासी प्रॉपर्टी डीलर हितेश कुमार सिंह उर्फ दीनू यादव से माती इलाके में 1,000 वर्गफीट जमीन का सौदा तय हुआ था। इसके एवज में उन्होंने नकद और बैंक खाते के माध्यम से कुल ₹8,80,000 रुपये का भुगतान किया।

यह भी पढ़े - Lucknow News: लखनऊ में किशोरी से दुष्कर्म के आरोप में पांच युवक हिरासत में

जब रजिस्ट्री की बात आई तो आरोपी ने बार-बार टालमटोल करना शुरू कर दिया। यहां तक कि एक बार रजिस्ट्रार कार्यालय बुलाकर खुद नहीं पहुंचा। बाद में उसने जमीन की कीमत में 400 रुपये प्रति वर्गफीट का इजाफा कर दिया और अतिरिक्त रकम की मांग करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने पैसे भूल जाने और जान से मारने की धमकी दे डाली।

पीड़िता ने मामले की शिकायत डीसीपी पूर्वी शशांक सिंह से की, जिनके निर्देश पर चिनहट थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई। थाना प्रभारी दिनेश चंद्र मिश्रा के मुताबिक, मामला गंभीर है और जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.